जल जीवन हरियाली क्विज प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित

Jan 06, 2026 08:57 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भभुआ
share Share
Follow Us on

जल जीवन हरियाली दिवस पर समाहरणालय के मुंडेश्वरी सभागार में प्रतिभाशाली छात्रों को पुरस्कृत किया गया। जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को डीएम द्वारा सम्मानित किया गया। निहारिका कुमारी को प्रथम, शिवानी कुमारी को द्वितीय और अभय दुबे को तृतीय स्थान पर पुरस्कार मिला।

जल जीवन हरियाली क्विज प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित

समाहरणालय के मुंडेश्वरी सभागार में आयोजित हुआ सम्मान समारोह जल जीवन हरियाली दिवस पर प्रतिभाशाली छात्रों को डीएम ने किया पुरस्कृत भभुआ, नगर संवाददाता। जल जीवन हरियाली जागरूकता अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंगलवार को सम्मानित किया गया। जल जीवन हरियाली दिवस पर समाहरणालय परिसर के मुंडेश्वरी सभागार में आयोजित समारोह में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन ने किया, जिसमें शिक्षा एवं प्रशासनिक क्षेत्र के कई अधिकारी उपस्थित रहे। जिला स्तरीय जल जीवन हरियाली क्विज प्रतियोगिता का आयोजन 19 दिसंबर को किया गया था।

इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न उच्च एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया था। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, हरियाली और सतत विकास के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। चयनित विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 6 जनवरी को पटना जाना प्रस्तावित था, लेकिन आवश्यक कारणों से राज्य स्तरीय कार्यक्रम स्थगित हो गया। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा जल जीवन हरियाली दिवस पर जिला स्तर पर ही सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिला सम्मान सम्मान समारोह में रामपुर प्रखंड के पुनाव उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय की निहारिका कुमारी को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 6000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। द्वितीय स्थान उसी विद्यालय की शिवानी कुमारी को मिला, जिन्हें 5000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। भगवानपुर के पीएम श्री 2 उच्च विद्यालय के छात्र अभय दुबे ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 4000 रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की। सभी विजेता विद्यार्थियों को जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह एवं उपविकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह द्वारा प्रमाण-पत्र, मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। जल बचाने और हरित जीवनशैली अपनाने की अपील अधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जल जीवन हरियाली अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और हरियाली को बढ़ावा देकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वह इस अभियान के संदेश को अपने विद्यालय, परिवार और समाज तक पहुंचाएं तथा स्वयं भी हरित जीवनशैली को अपनाएं। फोटो - 06 जनवरी भभुआ- 21 कैप्शन- समाहरणालय के मुंडेश्वरी सभागार में मंगलवार को जल जीवन हरियाली दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में भाग लेते अधिकारी व अन्य।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।