एक तरफ नई नाली निर्माण, दूसरी तरफ फैल रहा गंदा पानी
भभुआ के वीआईपी कॉलोनी में नालियों की बुरी स्थिति से लोग परेशान हैं। गंदा पानी सड़क पर फैलने से राहगीरों को समस्या हो रही है। स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी समस्या को अनदेखा कर रहे हैं। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो लोग आंदोलन की योजना बना रहे हैं।

इस समस्या से परेशान होने लगे शहर के वीआईपी कॉलोनी के लोग बहाना बनाकर जिम्मेदारी से बच रहे हैं जनप्रतिनिधि और अधिकारी (बोले भभुआ) भभुआ, नगर संवाददाता। शहर के वार्ड नंबर दो और तीन में स्थित वीआईपी कॉलोनी इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रही है। नाम भले ही वीआईपी कॉलोनी हो, लेकिन हालात किसी उपेक्षित मोहल्ले से बदतर हैं। एक तरफ से नाली का निर्माण हो रहा है, तो दूसरी तरफ नाली का का गंदा पानी रास्ते में फैल रहा है, जिससे राहगीरों व वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। कॉलोनी के बीचों-बीच से गुजरने वाली सड़क, जो अष्टभुजी चौक होते हुए बिजली कॉलोनी तक जाती है, उसके किनारे बनी नाली पूरी तरह जाम हो चुकी है।
दुर्गंध, मच्छर और फिसलन ने लोगों को मुश्किल में डाल दिया है। यह नाली तकनीकी रूप से वार्ड नंबर 2 में आती है, जबकि सड़क वार्ड नंबर 3 और वार्ड 2 की सीमा तय करती है। इसी सीमा विवाद का फायदा उठाकर जिम्मेदार आंख मूंदे बैठे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्डों के बंटवारे की आड़ में समस्या को जान-बूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है। विडंबना यह है कि सड़क के दक्षिणी हिस्से में, जो वार्ड नंबर 3 का क्षेत्र है, वहां पुरानी नाली को उखाड़कर नए सिरे से ह्यूम पाइप लगाए जा रहे हैं। उनका कहना था कि निर्माण कार्य कछुए की गति से चल रहा है। सड़क के उत्तरी हिस्से में बनी नाली पूरी तरह से जाम है और महीनों से उसकी न तो सफाई हुई और न ही निर्माण की कोई योजना दिख रही है। जाम नाली के कारण गंदा पानी बाहर आ रहा है, जिससे कॉलोनी का माहौल नारकीय हो गया है। कॉलोनी की कुंती देवी गुस्से में कहती हैं, ‘ई नाला कब बनी, गंदा पानी दुआरी पर लागल बा। केहु देखे वाला नईखे।’ उनका दर्द यह बताने के लिए काफी है कि जिम्मेदारों तक आम लोगों की आवाज नहीं पहुंच पा रही है। शिकायत करने पर आश्वासन मिलता है, काम नहीं होता रामजी राम, विमलेश कुमार, दिनेश कुमार, शत्रुघन कुमार, बिंदा लाल सिंह का कहना है कि एक तरफ नया नाला बन रहा है और दूसरी तरफ पुराना नाला कचरे से भरा पड़ा है। शिकायत करने पर सिर्फ आश्वासन मिलता है, कार्रवाई शून्य है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि घरों के सामने भरी गंदी नाली देखकर अब गुस्सा और लाचारी दोनों बढ़ती जा रही है। बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। बुजुर्ग फिसलने के डर से घर से निकलने से कतराते हैं। मच्छरों का प्रकोप बढ़ चुका है और बीमारियों का खतरा भी है। लोगों को डर है कि बरसात में हालात और भी खराब हो जाएंगे। यदि वार्ड 3 की तरह वार्ड 2 की जाम नाली की तत्काल सफाई और निर्माण नहीं कराया गया, तो वह नगर परिषद में सामूहिक आवेदन देकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। फोटो- 14 जनवरी भभुआ- 1 कैप्शन- शहर के वार्ड नंबर 2 में वीआईपी कॉलोनी के गंदे पानी से जाम नाली।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




