Hindi NewsBihar NewsBhabua NewsVendors Persist Despite Municipal Action Traffic Jam Issues Continue in Bhbua
सड़क पर ठेला लगा सब्जी बेचने से राहगीर और चालक परेशान

सड़क पर ठेला लगा सब्जी बेचने से राहगीर और चालक परेशान

संक्षेप:

भभुआ में मुंडेश्वरी सिनेमा हॉल के सामने ठेला लगाकर सब्जी बेचने वाले दुकानदारों की वजह से रोजाना जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। नगर परिषद ने कई बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की, लेकिन दुकानदार फिर भी सड़क पर ठेला लगाकर व्यवसाय कर रहे हैं। व्यापारी सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Jan 01, 2026 08:50 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भभुआ
share Share
Follow Us on

नप की कार्रवाई के बाद भी नहीं मान रहे दुकानदार, रोज बन रही जाम की स्थिति स्थायी दुकानदारों का व्यापार प्रभावित, व्यापारियों ने उठाई सख्ती बरतने की मांग (बोले भभुआ) भभुआ, नगर संवाददाता। शहर के कलेक्ट्रेट पथ में मुंडेश्वरी सिनेमा हॉल के सामने सड़क पर ठेला लगाकर सब्जी बेचने से राहगीर और चालक परेशान हैं। इससे रोजाना जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। अधिकतर दुकानदार सड़क किनारे वेंडिंग जोन में साग-सब्जी, नाश्ता सहित अन्य चीजों की बिक्री करते हैं। लेकिन, इनकी दुकानों के आगे करीब डेढ़ दर्जन ठेला सड़क पर लगाकर कारोबार किया जा रहा है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और छोटे-बड़े वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वालों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

कई बार यहां जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे राहगीरों का समय प्रभावित होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान फुटपाथी दुकानों को हटाया गया और वेंडिंग जोन से बाहर दुकान लगानेवाले दुकानदारों का चलान भी काटा गया। फिर भी दुकानदार सड़क पर ठेला लगाकर व्यवसाय करने से बाज नहीं आ रहे हैं। हालांकि इस स्थल पर इनकी दुकानें सुबह में करीब दस बजे तक ही लगती है। लेकिन, सुबह में ही छात्र-छात्राओं को स्कूल और कोचिंग जाना होता है। उन्हें स्कूल जाने के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि वह दुकान लगाने के लिए नगर परिषद को टैक्स देते हैं। फिर पता नहीं उन्हें क्यों हटाया जाता है। वह इस स्थल पर सुबह में 10 बजे तक ही कारोबार करते हैं। शहर के उदय सिंह व राजेंद्र प्रसाद कहते हैं कि नगर परिषद इन्हें वेंडिंग जोन में दुकान लगाने को कहती है, पर वह वहां ठेला नहीं लगाते हैं। ज्यादा बेचने के चक्कर में सड़क पर अतिक्रमण कर राहगीरों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। जबकि इसके आसपास से पटना, बनारस, सासाराम की बसें खुलती हैं। मार्केट कॉम्प्लेक्स के व्यापारियों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग स्थानीय मार्केट कॉम्प्लेक्स के दुकानदार भरत गुप्ता, आर्यन कुमार, विमलेश कुमार, महेंद्र पटेल, राजकिशोर सिंह सहित अन्य व्यापारियों ने बताया कि वह इस समस्या से पूरी तरह तंग आ चुके हैं। नगर परिषद की टीम आती है, ठेले हटवाती है और जुर्माना लगाकर चली जाती है। लेकिन, कुछ ही देर बाद फिर से वही हालात बन जाते हैं। व्यापारियों का कहना है कि अस्थायी कार्रवाई से समस्या का समाधान संभव नहीं है। दुकानदारों ने नगर परिषद से सख्त और स्थायी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि फुटपाथ को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जाए, ताकि सड़क पर आवागमन सुचारु हो सके और व्यापार प्रभावित न हो। यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो व्यापारी सामूहिक रूप से नगर परिषद के समक्ष अपनी मांग रखेंगे। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ध्यान देकर जल्द समाधान निकालेगा। फोटो- 01 जनवरी भभुआ- 1 कैप्शन- भभुआ शहर के कलेक्ट्रेट पथ में गुरुवार को मुंडेश्वरी सिनेमा हॉल के सामने सड़क पर ठेला लगाकर सब्जी बेचते दुकानदार।