
सड़क सुरक्षा को जांच अभियान में 28.86 लाख की वसूली
दुर्घटनाओं को नियंत्रित व यातायात व्यवस्था ठीक करने को ले चला अभियान कैमूर में एक से सात फरवरी तक चले अभियान में 144 वाहनों पर कार्रवाई
दुर्घटनाओं को नियंत्रित व यातायात व्यवस्था ठीक करने को ले चला अभियान कैमूर में एक से सात फरवरी तक चले अभियान में 144 वाहनों पर कार्रवाई (युवा पे) भभुआ, हिन्दुस्तान संवाददाता। कैमूर जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष सह जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा एक से सात फरवरी तक जिलेभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान अफसरों ने 144 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 28.86 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया। अभियान के दौरान जिले के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों, बाजार क्षेत्रों और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान वाहनों की फिटनेस प्रमाणिकता, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र, वैध मोटर वाहन बीमा, मालवाहक व सवारी वाहनों में ओवरलोडिंग, यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी, नियमों का उल्लंघन की जांच की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि जन-जागरूकता भी है। वाहन चालकों, यात्रियों और आम नागरिकों को यातायात नियमों, सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार और सड़क सुरक्षा मानकों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीड सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु का सबसे बड़ा कारण बन रही है। विशेष रूप से 25 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को तेज गति, लापरवाह ड्राइविंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के दुष्परिणामों को लेकर कड़ी चेतावनी दी गई। पिछले कुछ वर्षों में कैमूर जिले में नए वाहनों की संख्या में तेज़ वृद्धि और नए राजमार्गों व सड़कों के निर्माण के कारण यातायात दबाव लगातार बढ़ा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




