Hindi NewsBihar NewsBhabua NewsTraffic Chaos in Bhbua Residents Demand Urgent Completion of Bypass Road
बाईपास रोड का निर्माण ठप, शहर में बढ़ता जा रहा जाम का दबाव

बाईपास रोड का निर्माण ठप, शहर में बढ़ता जा रहा जाम का दबाव

संक्षेप:

भभुआ में बाईपास रोड के निर्माण कार्य के रुक जाने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। देवीजी चौक, जयप्रकाश चौक, पटेल चौक और बिजली कॉलोनी रोड पर रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाईपास रोड का काम शीघ्र पूरा करने की मांग की है, ताकि मरीजों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

Jan 19, 2026 08:52 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भभुआ
share Share
Follow Us on

देवीजी चौक से बिजली कॉलोनी रोड तक रोज परेशानी, एंबुलेंस भी फंसती हैं स्थानीय लोगों ने उठाई बाईपास रोड का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग (बाले भभुआ) भभुआ, नगर संवाददाता। शहर में बाईपास रोड का निर्माण कार्य रुक जाने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। शहर के प्रमुख चौराहों देवीजी चौक, जयप्रकाश चौक, पटेल चौक और बिजली कॉलोनी रोड पर आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। जाम लगने के बाद हालात ऐसे हो जाते हैं कि वाहन रेंगते हुए चलते नजर आते हैं। इससे न केवल आम यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है, बल्कि जरूरी सेवाओं पर भी सीधा असर पड़ रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सबसे गंभीर स्थिति तब उत्पन्न हो जाती है, जब किसी मरीज को एंबुलेंस से सदर अस्पताल लाया जाता है। सायरन बजाने पर भी उन्हें आगे जाने का रास्ता नहीं मिल पाता है। तब मरीजों की परेशानी बढ़ने की आशंका बन जाती है। बताया जाता है कि भभुआ का प्रस्तावित बाईपास रोड बबुरा, अखलासपुर गांव के उत्तर, भेकास तथा सिकठी गांव के दक्षिण दिशा से होकर सुवरा नदी को पार करता है। इसके बाद यह दतियांव के दक्षिण और बेतरी गांव के उत्तर से होते हुए भभुआ-चैनपुर मुख्य सड़क में परैया के पास जाकर मिलती है। इस सड़क पर वर्ष 2025 के शुरुआती दौर में तेज गति से निर्माण कार्य शुरू हुआ था, जिससे लोगों में राहत की उम्मीद जगी थी। लेकिन, फिलहाल काम पूरी तरह बंद है। निर्माण कार्य रुक जाने से अब बड़े-छोटे वाहन शिवाजी चौक, जयप्रकाश चौक, पटेल चौक और बिजली कॉलोनी रोड होते हुए सुवरा नदी पार कर बेतरी की ओर जाने को मजबूर हैं। सोमवार को भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। शिवाजी चौक से लेकर जयप्रकाश चौक, पटेल चौक और बिजली कॉलोनी रोड तक पूरा इलाका जाम से जूझता रहा। हालांकि ट्रैफिक पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन वाहनों की अत्यधिक भीड़ के कारण स्थिति संभालना मुश्किल हो गया। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर कड़ी मशक्कत के बाद जाम को धीरे-धीरे हटाया जा सका। ट्रैफिक दबाव से जूझ रहा शहर, प्रशासन से ठोस पहल की मांग शहर के विनय कुमार, राजीव शंकर, बेचन प्रसाद, चंद्र कुमार सिंह, बिंदेश्वरी तिवारी, सुमन सिंह ने प्रशासन से बाईपास रोड के निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसे शीघ्र चालू करने की मांग की है। उनका कहना था कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया है। बाईपास रोड का निर्माण अधूरा रहने के कारण शहर के अंदरूनी मार्गों पर वाहनों का अत्यधिक बोझ पड़ रहा है। दिन और शाम में तब समस्या ज्यादा होती है, जब कार्यालय-स्कूल, कॉलेज, कोचिंग आने-जाने और बाजार से खरीद-बिक्री का समय रहता है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जाम से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इसका व्यापार पर असर पड़ रहा है। छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा वालों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक बाईपास रोड का निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, वन-वे सिस्टम और अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए, ताकि शहरवासियों को कुछ हद तक राहत मिल सके। फोटो-19 जनवरी भभुआ- 1 कैप्शन- शहर के जयप्रकाश चौक से पटेल चौक व बिजली कॉलोनी तक सोमवार को लगे जाम में फंसे वाहन।