जनगणना की ड्यूटी की शिक्षकों से 48 घंटों में मांगी सूचना
भारत की जनगणना-2027 के तहत प्रगणक और पर्यवेक्षक बने शिक्षकों को अपनी जानकारी ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर 48 घंटे के भीतर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है। शिक्षा विभाग ने जिलाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। सत्यापित शिक्षकों को ही शैक्षणिक कार्यों में सहूलियत मिलेगी।

प्रगणक व पर्यवेक्षक बने शिक्षक को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर जानेदारी देने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी व बीईओ को अनुपालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी (युवा पेज) भभुआ, नगर संवाददाता। भारत की जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में प्रगणक और पर्यवेक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों और प्रधान शिक्षकों को अब अपनी प्रतिनियुक्ति से संबंधित जानकारी ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर 48 घंटे के भीतर अपलोड करनी होगी।
शिक्षा विभाग के निर्देश
इस संबंध में शिक्षा विभाग ने जिलाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश जारी किया है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेंद्र की ओर से इस आशय का पत्र जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि जनगणना-2027 के लिए जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर से बड़ी संख्या में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। हालांकि विभाग के पास अब तक इस बात की अद्यतन जानकारी उपलब्ध नहीं है कि कितने शिक्षकों को प्रगणक और पर्यवेक्षक के रूप में जनगणना कार्य में लगाया गया है। इससे शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों को सहूलियत देने और प्रशासनिक समन्वय में कठिनाई उत्पन्न हो रही है।
ई-शिक्षाकोष पोर्टल का उपयोग
इसी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर विशेष फीचर उपलब्ध कराया है। इसके माध्यम से संबंधित शिक्षक अपनी लॉगिन आईडी से पोर्टल पर जाकर प्रतिनियुक्ति संबंधी सूचना दर्ज करेंगे। शिक्षक पहले ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर लॉगिन करेंगे, फिर ‘टीचर’ मॉड्यूल में जाकर ‘डिप्यूटेशन फॉर सेंसस ड्यूटी’ विकल्प का चयन करेंगे। इसके बाद प्रगणक या पर्यवेक्षक में से किसी एक विकल्प का चयन कर प्रतिनियुक्ति आदेश की प्रति अपलोड करनी होगी।
सत्यापन प्रक्रिया
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शिक्षकों द्वारा अपलोड की गई जानकारी को संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा कन्फर्म किया जाएगा, जबकि अंतिम सत्यापन जिला पदाधिकारी स्तर से किया जाएगा। सत्यापित शिक्षकों को मिलेगी सहूलियत बताया गया है कि केवल सत्यापित शिक्षकों को ही जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्ति के अनुरूप शैक्षणिक कार्यों में आवश्यक सहूलियत दी जाएगी। जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वह समन्वय स्थापित कर 48 घंटे के भीतर पोर्टल पर प्रविष्टि सुनिश्चित कराएं, ताकि जनगणना कार्य और विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था के बीच बेहतर तालमेल बना रहे। (भभुआ से दीपक पांडेय)
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


