सड़क सुरक्षा कैंप में वाहनों के प्रदूषण एवं फिटनेस की जांच
कैमूर में सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के तहत यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और चालकों को सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए। हेलमेट, सीट बेल्ट और वाहन फिटनेस की जांच की गई।

बोले जिला परिवहन पदाधिकारी, यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कारवाई वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन कर वाहन परिचालन के दिए गए टिप्स (पेज चार) भभुआ, हिन्दुस्तान संवाददाता। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के तहत बुधवार को कैमूर में सड़क सुरक्षा और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा आयोजित संयुक्त अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और वाहन चालकों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है। अभियान के दौरान जिले के चिन्हित स्थानों पर विशेष प्रदूषण एवं फिटनेस कैंप लगाया गया, जिसमें व्यावसायिक और निजी वाहनों के फिटनेस की जांच की गई।
अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि सड़क पर चलने वाले वाहन न केवल यांत्रिक रूप से सुरक्षित हों, बल्कि वह पर्यावरण मानकों का भी पालन कर रहे हों। अभियान का संचालन यातायात पुलिस उपाधीक्षक, मोटरयान निरीक्षक, प्रवर्तन अवर निरीक्षक और चलंत दस्ता सिपाहियों की टीम द्वारा किया गया। अधिकारियों ने स्वयं सड़क पर व्यवस्था का जायजा लिया और नियमों के प्रति लापरवाही बरतने वालों को चेतावनी दी। परिवहन विभाग की टीम ने मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। टीम के सदस्यों ने हेलमेट की जांच, दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठे सवारी के लिए हेलमेट की अनिवार्यता की जांच की गई। चारपहिया वाहन चलाने वालों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया गया और उल्लंघनकर्ताओं पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। वाहनों के बीमा, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाण पत्र की भी जांच की गई। यातायात पुलिस उपाधीक्षक ने आमजनों से अपील की कि सड़क सुरक्षा केवल एक महीने का अभियान नहीं, बल्कि यातायात नियमों को जीवन में अपनाना है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल जुर्माना से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान की सुरक्षा के लिए पहनें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


