सड़क पर फैलती गंदगी से बिगड़ रही शहर की सूरत
भभुआ में अष्टभुजी चौक के पास दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे कचरा फैलाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। दुकानदार सड़ा-गला सामान और अंडों के छिलके फेंक रहे हैं, जिससे बदबू और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। नगर परिषद से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है ताकि स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।

दुकानदार दिखा रहे हैं लापरवाही, नगर परिषद की सख्ती का इंतजार अष्टभुजी चौक के पास हालात बदतर, आम लोगों ने जताई नाराजगी (बोले भभुआ) भभुआ, नगर संवाददाता। शहर में इन दिनों सड़क किनारे फैलाई जा रही गंदगी आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। कई दुकानदार अपनी दुकानों से निकलने वाला कचरा, सड़ा-गला सामान और अंडों के छिलके सड़क किनारे फेंक दे रहे हैं। स्थिति ऐसी हो गई है मानो वह पूरी तरह बेलगाम हो गए हों। राहगीरों को इससे असुविधा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नगर परिषद द्वारा इस तरह की दुकानों के लिए कोई दिशा-निर्देश जारी भी किए गए हैं तो उनका पालन धरातल पर नजर नहीं आता।
अष्टभुजी चौक के पास तो हालात और भी चिंताजनक हैं, जहां सड़क किनारे अंडों के छिलकों और कूड़े का ढेर लगा रहता है। इससे न सिर्फ बदबू फैलती है बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। महेश, प्रभु सिंह पटेल, राकेश तिवारी, सुनील कुमार सिंह, राजेश्वर कुमार मौर्य सहित कई नागरिकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नगर परिषद को अब सख्त रुख अपनाना होगा। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो शहर की गलियां और मुख्य सड़कें कूड़े से पट जाएंगी और स्वच्छता अभियान सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाएगा। नगर परिषद फिलहाल सफाई को लेकर अपनी मुहिम में जुटी हुई है, लेकिन जब तक कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक हालात में सुधार मुश्किल है। लोगों का मानना है कि सख्ती बरती जाए तो व्यवस्था फिर से पटरी पर लौट सकती है, अन्यथा लोग अपने घर और दुकान के सामने ही कूड़ा फेंकते रहेंगे और शहर की सूरत बिगड़ती जाएगी। चंद दिनों बाद जब केंद्रीय स्वच्छता सर्वे टीम आएगी और शहर में इस तरह की गंदगी देखेगी तो जाहिर अंक कम मिलेगा। स्वच्छ शहर में शामिल करने के लिए सामूहिक पहल जरूरी है। फोटो- 02 मार्च भभुआ-2 कैप्शन- शहर के अष्टभुजी चौक के पास सड़क पर सोमवार को फेंका गया अंडा का छिलका व कूड़ा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



