असहनीय धूप और ताप ने बढ़ाई परेशानी, कमरे की दीवार भी गर्म
कैमूर जिले में असहनीय गर्मी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुँच गया है। बच्चे और वृद्ध खासतौर पर प्रभावित हो रहे हैं। बिजली आपूर्ति में बाधा और गर्म हवा ने स्थिति को और खराब कर दिया है। डीएम ने स्कूलों को 23 मई तक बंद करने का आदेश दिया है।

जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहा, पैदल राह तय करना हो रहा था मुश्किल तीखी धूप से दहक रही थी सड़क व कमरों की दीवार, वृद्ध व बच्चे ज्यादा परेशान (पेज चार) भभुआ, कार्यालय संवाददाता। असहनीय धूप व ताप ने कैमूरवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। कमरों की दीवार और कंक्रीट की सड़कें गर्म हो जा रही हैं। इससे न सिर्फ सड़कों पर चलनेवाले लोगों, बल्कि कमरों में रहनेवाले परिवार के सदस्य भी परेशान हैं। सबसे ज्यादा परेशानी उन्हें हो रही है, जो किसी भवन के उपरी मंजिल पर रह रहे हैं। ऐसे लोग गलियों व दरवाजे पर बैठकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।
गर्मी और बिजली की आपूर्ति
ऐसी गर्मी में आमजनों की परेशानी तब बढ़ जा रही है जब बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। पंखे की हवा भी गर्म लग रही है। इस गर्मी से बच्चे जहां रोते दिख रहे हैं, वहीं वृद्ध बेचैन हो जा रहे हैं। स्थिति यह है कि बुधवार की सुबह नौ बजे ही तापमान 38 डिग्री पर चला गया था। इसके बाद हर घंटे एक डिग्री तापमान बढ़ता गया। यानी 10 बजे 40 डिग्री, 11 बजे 41 डिग्री, 12 बजे 42 और एक बजे 43 डिग्री पर पहुंच गया था। तापमान बढ़ने की वजह से हर कोई सुबह-शाम में अपना काम निपटाने की कोशिश में जुट जा रहा है। कैमूर में बुधवार को अधिकतम 43 डिग्री व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा। मौसम बताने वाली वेबसाइट के अनुसार, 21 से 24 मई तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। जबकि 25 मई को 46 डिग्री तापमान रहने की संभावना जतायी जा रही है। हवा 24 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही थी।
मौसम के साथ तालमेल बनाना
मौसम के साथ तालमेल बनाना जरूरी आईएमए के जिला अध्यक्ष डॉ. मंटू सिंह कहते हैं कि तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना बन रही है। ऐसे में मौसम के साथ तालमेल बनाना जरूरी है। गर्मी व लू के प्रभाव से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। कूलर, एसी, पंखा का उपयोग करें। हल्के और ढीले कपड़े पहने। त्वचा को गीला रखें। ठंडे पानी से स्नान करें। यात्रा कर रहे हों तो, किसी छायादार या वातानुकूलित स्थान पर ब्रेक लें। अधिक प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों से बचें। ओआरएस का घोल, बेल का शरबत, आम का पन्ना, नारियल पानी, जूस पीएं। इससे गर्मी व लू का प्रभाव कम पड़ेगा।
स्कूलों की बंदी का आदेश
डीएम के आदेश से बच्चे खुश डीएम नितिन कुमार सिंह द्वारा आठवीं कक्षा तक के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को 23 मई तक बंद कर दिए जाने से बच्चे ही नहीं उनके अभिभावक भी खुश हैं। नगरपालिका मध्य विद्यालय के अमलेश कुमार व पिंकी कुमारी ने बताया कि हमलोग घर पर ही पढ़ रहे हैं। आठवीं कक्षा के बाद वाली कक्षाओं का संचालन 10:30 बजे तक कर दिया गया है। (भभुआ से संजय क्रांति) फोटो- 20 मई भभुआ- 3 कैप्शन- तीखी धूप व गर्म हवा से बचने के लिए बुधवार को एकता चौक के पास से दुपट्टा ओढ़कर कोचिंग से पढ़कर घर जातीं छात्राएं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


