ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भभुआरोहतास ने रोका कैमूर के हिस्से का पानी, मचा हाहाकार

रोहतास ने रोका कैमूर के हिस्से का पानी, मचा हाहाकार

कार्यपालक अभियंता ने रोहतास से पानी छोड़वाने के लिए एससी को लिखा है पत्र, डीजल पंप व मोटर चलाकर धान की फसल की सिंचाई कर रहे हैं जिले के...

रोहतास ने रोका कैमूर के हिस्से का पानी, मचा हाहाकार
हिन्दुस्तान टीम,भभुआSun, 13 Sep 2020 08:21 PM
ऐप पर पढ़ें

कार्यपालक अभियंता ने रोहतास से पानी छोड़वाने के लिए एससी को लिखा है पत्र

डीजल पंप व मोटर चलाकर धान की फसल की सिंचाई कर रहे हैं जिले के किसान

700 क्यूसेक पानी मिलना चाहिए खरीफ सीजन में

370 क्यूसेक पानी मिल रहा है रोहतास जिले से

भभुआ। हिन्दुस्तान संवाददाता

खरीफ फसल की सिंचाई के पीक आवर में रोहतास ने कैमूर के हिस्से के पानी को रोक लिया है। इस कारण कैमूर जिले में सिंचाई के लिए किसानों में हाहाकार मचा है। सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने रोहतास जिले से पानी छोड़वाने के लिए विभाग के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखा है।

उन्होंने बताया कि खरीफ फसल की सिंचाई के लिए सोन उच्चस्तरीय नहर से कैमूर जिले को 700 क्यूसेक पानी मिलना चाहिए। जबकि फिलहाल कैमूर को मात्र 370 क्यूसेक ही पानी मिल रहा है। उन्होंने बताया कि रोहतास में उरदा, हाटा आदि जगहों पर किसानों द्वारा सोन उच्चस्तरीय नहर का पानी रोका गया है।

इस कारण कैमूर को अपने हिस्से का पानी नहीं मिल रहा है। उपर से ही पानी कम मिलने के कारण नहरों में टेल एंड तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इस वजह से नीचे किसान लगातार पानी की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हालंकि विभाग के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं अन्य अफसर व कर्मी जितना पानी फिलहाल मिल रहा है उसकी लगातार मॉनिटरिंग कर धान की फसल की सिंचाई कराने में जुटे हुए हैं।

उधर, बारिश नहीं होने व नहरों से पानी कम मिलने के कारण जिले के किसान काफी परेशान दिख रहे है। किसानों का कहना है कि सिंचाई के अभाव में अगर फसल मार खा गई तो नए चावल का माड़-भात मिलने की बात तो दूर रही, खरीफ की खेती में लगी घर की सारी पूंजी भी डूब जाएगी।

डेढ़ सौ रुपये घंटा पानी खरीद रहे हैं किसान

भभुआ। मौसम की मार झेल रहे कैमूर के किसान डेढ़ सौ रुपये घंटा डीजल पंप का पानी खरीदकर खेतों में लगी धान की फसल की सिंचाई कर रहे हैं। भगवानपुर प्रखंड स्थित उमापुर गांव के किसान ऋषि सिंह व कसेर के किसान अनिल दुबे ने बताया कि बारिश नहीं होने व नहरों का पानी खेतों तक नहीं पहुंचने के कारण डीजल पंप चलवाकर फसल की सिंचाई कर रहे हैं। जगरियां गांव के किसान सुपांडेय व बारे के किसान सुधीर सिंह ने बताया कि 150 रुपये घंटा डीजल पंप का पानी खरीदकर धान की फसल की सिंचाई कर रहे हैं। उक्त किसानों ने बताया कि एक सप्ताह तक बारिश नहीं हुई तो सिंचाई के अभाव में धान की फसल मार खा जाएगी।

किसानों में बढ़ रही है नाराजगी

भभुआ। खेती में घर की सारी पूंजी लगाने के बाद सिंचाई के अभाव में मुरझा रहे धान के पौधों को देखकर कैमूर के किसानों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। अकोढ़ी गांव के किसान बृजबेलास उपाध्याय, जागेबरांव के किसान गुड्डू सिंह, हरला के किसान बालमुकुन्द पाठक व पंची के किसान अरविंद तिवारी ने बताया कि सिंचाई विभाग के अधिकारी नहर रेंट वसूलने के लिए माथे पर सवार हो जाते हैं, लेकिन खेतों में लगी धान की सफल की सिंचाई के लिए नहरों का पानी पहुंचाने के प्रति उदासीन दिख रहे हैं। उक्त किसानों ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर अगर नहरों का पनी खेतों तक नहीं पहुंचा तो सड़क पर उतरकर आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इसकी सारी जवाब देही जिला प्रशासन एवं सिंचाई विभाग की होगी।

किसानों ने सिंचाई कार्यालय का किया था घेराव

भभुआ। नहरों का पानी टेल एंड तक नहीं पहुंचने से गुस्साए किसानों ने पिछले साल जिला मुख्यालय में पहुंचकर सिंचाई विभाग के कार्यालय व कार्यापालक अभियंता के आवास का घेराव किया था। दो साल पूर्व चैनपुर प्रखंड के किसानों ने नहरों की मॉनिटरिंग करने के लिए शाम में पहुंचे सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता शैलेन्द्र शर्मा के उपर जानलेवा हमला कर उन्हें जख्मी भी कर दिया था। यह तो चंद उदाहरण हैं। सिंचाई की समस्या को लेकर कैमूर के किसान कई बार सड़क पर उतरकर जाम व प्रदर्शन भी कर चुके हैं। तब प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है।

कोट

खरीफ फसल की सिंचाई के लिए इंद्रपुरी बाराज से कैमूर जिले को 700 क्यूसेक पानी मिलना चाहिए। लेकिन, रोहतास के किसानों द्वारा उपर में ही रोके जाने से कैमूर जिले को फिलहाल 370 क्यूसेक पानी ही मिल रहा है। इस कारण टेल एंड तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। कैमूर के हिस्से का पानी रोहतास से छोड़वाने के लिए अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखा गया है।

अरविंद कुमार, ईई, सिंचाई विभाग

फोटो-13 सितम्बर भभुआ- 5

कैप्शन- भभुआ प्रखंड के बारे गांव के बधार में रविवार को डीजल पंप चलाकर धान की फसल की सिंचाई करता किसान।

फोटो-13 सितम्बर भभुआ- 6

कैप्शन- भगवानपुर प्रखंड के उमापुर गांव के पास रविवार को सोन उच्चस्तरीय मुख्य नहर में उपलब्ध पानी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें