
तिवारी टोला जाने वाली सड़क पर बह रहा है गंदा पानी
भभुआ में कलेक्ट्रेट पथ से ब्रह्मचारी पोखरा जाने वाली मुख्य सड़क पर गंदा पानी बह रहा है, जिससे लोगों को यात्रा में कठिनाई हो रही है। स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद से नाली की सफाई और सड़क मरम्मत की मांग की है। इस समस्या के कारण बच्चों को स्कूल जाने में भी दिक्कत हो रही है।
राहगीरों को इस रास्ते गुजरना हुआ मुश्किल, नगर परिषद नहीं दे रही है ध्यान उखड़ी सड़क, जाम नालियां और नल का पानी बना परेशानी का मुख्य कारण (बोले भभुआ) भभुआ, नगर संवाददाता। शहर के कलेक्ट्रेट पथ से ब्रह्मचारी पोखरा होकर तिवारी टोला को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर नाला का गंदा पानी बह रहा है, जिससे राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। यह सड़क शहर के वार्ड संख्या 19, 20, 21, 22 सहित कई मुहल्लों को जोड़ती है। रोजाना सैकड़ों लोग इसी मार्ग से कलेक्ट्रेट, बाजार सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों तक पहुंचते हैं, लेकिन जलजमाव और गंदगी के कारण आमजनों को भारी असुविधा उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं, बल्कि काफी दिन से चली आ रही है। पहले की बनी पीसीसी सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिनमें गंदा पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित रहता है। पैदल चलने वालों को तो परेशानी है ही बाइक सवारों को फिसलकर गिरने और चोटिल होने का भी खतरा बना हुआ है। लोगों ने बताया कि सड़क से सटे मकान बनने के दौरान मलबा नालियों में भर जाता है, जिससे नालियों का प्रवाह बंद हो जाता है। नतीजतन घरों से निकलने वाला पानी ओवरफ्लो होकर सीधे सड़क पर बहने लगता है। स्थिति यह हो गई है कि इस रास्ते आना जाना मुश्किल हो गया है। इस रास्ता से गुजरने वाले सोनू, विमलेश, रंजीत, कामेश्वर, विजेंद्र, विनोद, विक्की, राजमणि सहित अन्य लोगों ने बताया कि हमारे बच्चे इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं। इस पथ से आने-जाने के दौरान कभी-कभी बच्चे पानी में गिर भी जाते हैं, जिससे उनकी ड्रेस खराब हो जाती है। गंदे पानी से संक्रमण का खतरा बना रहता है। नगर परिषद के सभापति भी इसी पथ आते-जाते हैं घर नगर परिषद के सभापति इसी पथ से अपने घर जाते हैं। वह भी इस समस्या को रोज अपनी आंखों से देख रहे हैं। लेकिन, इस समस्या का समाधान कराने की दिशा में ठोस पहल नहीं की जा रही है। इस पथ से आने-जानेवाले दूसरे वार्ड के लोग भी इस समस्या को दूर नहीं करने को लेकर नगर परिषद की व्यवस्था को कोस रहे हैं। क्योंकि वह भी इस पथ से गुजरते हैं। संजय गोंड व जनार्दन बिंद ने कहा कि बरसात में इस रास्ते की स्थिति और खराब हो जाती है। बच्चों को गोद में लेकर सड़क तक छोड़ने आना पड़ता है। वाहनों के टायर के दबाव से जमा गंदे पानी का छींटा राहगीरों के कपड़ों पर पड़ते हैं, जिससे उनके कपड़े गंदे हो जाते हैं। इसको लेकर हमेशा चालक व राहगीरों में बहस होती सुनी जाती है। आमजनों का कहना है कि नाली की सफाई या जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद से तुरंत नाली की सफाई, सड़क की मरम्मत और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि आने-जाने वालों की परेशानी दूर हो सके। फोटो -05 दिसंबर भभुआ-01 कैप्शन - कलेक्ट्रेट मार्ग से ब्रह्मचारी पोखरा की ओर जाने वाली सड़क पर बहते गंदा पानी के बगल से आते-जाते लोग।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




