
हवाई अड्डा मैदान में बालू-गिट्टी जमा करने से लोग परेशान
भभुआ के हवाई अड्डा मैदान में बालू-गिट्टी की डंपिंग से लोगों को मॉर्निंग वॉक, व्यायाम और खेल में परेशानी हो रही है। धूल के कारण आंखों में जलन और सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है ताकि मैदान को सुरक्षित और स्वच्छ रखा जा सके।
मॉर्निंग वाक, व्यायाम, योगासन करने, दौड़ लगाने व खिलाड़ियों को दिक्कत हवा के साथ उड़ रही धूल से हो रही परेशानी, प्रशासन से रोक लगाने की मांग (बोले भभुआ) भभुआ, नगर संवाददाता। शहर के हवाई अड्डा मैदान में बालू-गिट्टी जमा कर कारोबार करने से आमजनों की परेशानी बढ़ गई है। इस समस्या से मैदान में सुबह-शाम व्यायाम, योगासन, मॉर्निंग वाक करने, दौड़ लगाने, फुटबॉल, वालीबॉल, क्रिकेट खेलने, दौड़ लगाने वाले लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि जब हवा चलती है और धूल उड़ती है तो उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। यहां ट्रक व डंपर से उक्त चीजें गिराई जा रही हैं।
इन भारी वाहनों के टायर के दबाव से मिट्टी धूल बन गई है, जिससे आने-जाने में भी दिक्कत होती है। बुधवार की सुबह मॉर्निंग वॉक करने पहुंचे मृत्युंजय कुमार, रमेश तिवारी, संजय कुमार सिंह, रमेश मौर्य, रोशन मौर्य, तथा व्यायाम करने आईं रागिनी, रोशनी, विभा, कामाख्या आदि ने बताया कि ट्रकों की लगातार आवाजाही से मैदान का अस्तित्व बिगड़ गया है। धूल से दौड़ना या व्यायाम करना मुश्किल हो जाता है। कई लोगों ने बताया कि धूल के कारण आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ और गले में सूखापन जैसी समस्याएं होने लगी हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि हवाई अड्डा मैदान शहरवासियों के लिए सुबह-शाम व्यायाम, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख स्थान है। लेकिन, कारोबारी की मनमानी से यह मैदान खराब होता जा रहा है। नागरिकों के अनुसार, देर रात से लेकर सुबह तक ट्रैक्टर, ट्रक, हाइवा का आना-जाना जारी रहता है। ट्रैकों के आने-जाने से न सिर्फ मैदान में गड्ढे बन रहे हैं, बल्कि आसपास के रास्तों पर भी कीचड़ और धूल दोनों बढ़ गई है। युवाओं ने मैदान में बालू-गिट्टी गिराने पर रोक लगाने की मांग की हवाई अड्डा मैदान में खेल का अभ्यास करने आए युवाओं ने यहां बालू-गिट्टी गिराने पर रोक लगाने की मांग स्थानीय प्रशासन से की है। मैदान में ट्रैक्टर, ट्रक और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि लोगों को फिर से स्वस्थ, स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वह आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। स्थानीय लोगों का स्पष्ट कहना है कि हवाई अड्डा मैदान खेल, स्वास्थ्य और सार्वजनिक उपयोग के लिए है। इसे कारोबार का स्थल नहीं बनने दिया जाएगा। उनका कहना है कि प्रशासनिक सख्ती के अभाव में यह स्थिति पैदा हुई है। हालांकि कई बार लोगों ने इसकी शिकायत स्थानीय स्तर पर की, परंतु अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मॉर्निंग वॉक करने वालों ने बताया कि मैदान अब सुरक्षित नहीं रह गया है। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे व्यायाम, योगासन, खेलकूद की गतिविधि बंद हो जाती है। मैदान को बचाना जरूरी है। फोटो- 18 नवंबर भभुआ- कैप्शन- शहर के हवाई अड्डा में बुधवार को बालू की डंपिंग करता हाईवा व पहले से गिराया गया बालू।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




