ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भभुआकैमूर में हर्षोल्लास के बीच मनाया गया रामनवमी का पर्व (पेज चार)

कैमूर में हर्षोल्लास के बीच मनाया गया रामनवमी का पर्व (पेज चार)

रामनवमी को लेकर शहर में बंद रहीं अधिकांश दुकानें, सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा, कोविड नियमों का पालन करने के लिए माइक से प्रचार-प्रसार कर रहा है जिला...

कैमूर में हर्षोल्लास के बीच मनाया गया रामनवमी का पर्व (पेज चार)
हिन्दुस्तान टीम,भभुआWed, 21 Apr 2021 07:40 PM
ऐप पर पढ़ें

रामनवमी को लेकर शहर में बंद रहीं अधिकांश दुकानें, सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा

कोविड नियमों का पालन करने के लिए माइक से प्रचार-प्रसार कर रहा है जिला प्रशासन

भभुआ। हिन्दुस्तान संवाददाता

कोरोना संक्रमण के बीच कैमूर में मर्यादा पुरुषोतम श्रीराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार को रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास के बीच मनाया गया। जिले में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के कारण शहर में भले ही शोभायात्रा नहीं निकाली गई, पर लोगों ने अपने-अपने घरों में श्रीराम की फोटो की पूजा-अर्चना कर उन्हें आत्मसात करने का संकल्प लिया।

श्रीराम के जन्मोत्सव पर महिलाओं द्वारा घरों में मंगल गीत भी गाए गए। जबकि कुछ घरों में परिवार के सदस्यों ने भजन-कीर्तन भी किया। लोगों का कहना है कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जन्म चैत रामनवमी के दिन ही हुआ था। इस कारण भारत वर्ष के लोग चैत रामनवमी को श्रीराम का जनमोत्सव धूमधाम से मनाते है। रामनवमी के दिन ही तुलसीदास ने अयोध्या में रामचरित मानस की रचना शुरु की थी। रामनवमी के दिन दिन लोग मांगलिक कार्य की शुरुआत भी करते हैं।

उधर, शहर के लोगों ने अपने घरों की छत पर झंडा लगाया था। श्रीराम नवमी रथ यात्रा समिति द्वारा भी शहर के विभिन्न इलाकों में झंडा-पताका लगाया गया है। शाम में लोगों ने अपने घरों में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया। यह दीपोत्सव भगवान श्रीराम के जन्म के उपलक्ष्य में मनाया गया। हालांकि कोरोना संक्रमण को लेकर शहर में इस बार शोभायात्रा नहीं निकाली गई।

उधर, चैत नवरात्र की अष्टमी तिथि को रात्रि में घरों में माता की पूजा की गई। माता पूजा के बाद नवमी तिथि को श्रीराम केजन्मोत्सव पर घरों में विभिन्न प्रकार के लजिज व्यंजन बनाया गया। सुबह से लेकर शाम तक पूरे दिन प्रसाद खाने व खिलाने का दौर चलता रहा। नाते, रिश्तेदार, आसपास के लोगों को प्रसाद ग्रहण कराया गया। इस कारण शहर से लेकर गांव तक पूरे दिन चहल-पहल माहौल रहा। उधर, रामनवमी को लेकर बुधवार को शहर में अधिकांश दुकानें बंद रहीं। दोपहर के समय शहर के सड़कों पर भी सुन-सान दिखाई पड़ा। शहर में प्रतिदिन खुलने वाले भोजनालय व चाय-नास्ता की दुकानें भी बंद नजर आई।

फोटो-21 अप्रैल भभुआ- 10

कैप्शन- श्रीरामनवमी को लेकर शहर के सब्जी मंडी रोड में टांगे गए झंडा-पताका।

मंदिरों में सादगी से मनाई गई रामनवमी

भगवानपुर कैमूर एक संवाददाता

प्रखंड मुख्यालय स्थित दरोगा श्रीराम जानकी और टोड़ी श्रीराम जानकी मंदिर में इस वर्ष करोना संक्रमण को लेकर बुधवार को भगवान पुरुषोत्तम श्रीराम का जन्म दिन का पर्व रामनवमी सादगी के साथ मनाया गया। इस वर्ष टोड़ी मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं हुआ। भंडारे का प्रसाद वितरण भी सीमित रखा गया था। रामनवमी के दिन टोड़ी मंदिर में वर्षो से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होते आ रहा था। इसमें रोहतास और कैमूर जिले के अनेक नामचीन गायक और वादक अपने गीत संगीत की कला पेश करने आते हैं। लेकिन, इस बार करोना संक्रमण के कारण रामनवमी सादगी के साथ मनायी गयी। इस कारण पूर्व की तरह आयोजित होने वाले कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था।

धूमधाम से प्रखंड में मनाई गई रामनवमी

रामपुर। प्रखंड क्षेत्र में धूमधाम से रामनवमी का पर्व हिन्दु धर्मावलबियों द्वारा मनाया गया। हालांकि कोरोना संक्रमण को ख्याल में रखते हुए मदिरों में भीड़ नहीं लगी। वैसे इस मौके पर श्रद्धालु मंदिरों में सुबह से ही पहुंचना शुरू कर दिए थे, जहां पूजापाठ कर प्रसाद स्वरूप मीठा, हलवा, पुड़ी इत्यादी चढ़ाया गया।

रामनवमी पर बाजार में लगाए गए झंडा-पताका

भगवानपुर। प्रखंड मुख्यालय बाजार में स्थित दुकानों पर बुधवार को रामनवमी को लेकर झंडे लगाए गए, जिससे बाजार की रौनक बढ़ गई। बाजार की अधिकांश दुकानों पर झंडा लगाने से भक्तिमय दिख रहा था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें