Bhabua News: शराब के साथ धंधेबाज को किया गिरफ्तार
Bhabua News: भभुआ नगर थाने की पुलिस ने वार्ड 23 से 40.46 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक धंधेबाज दिलशाद खान को गिरफ्तार किया। भागने का प्रयास करने पर उसे पकड़ लिया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसके अलावा, एक व्यक्ति की बाइक कचहरी गेट से चोरी कर ली गई।

Bhabua News: भभुआ। नगर थाने की पुलिस ने शहर के वार्ड 23 से गुप्त सूचना पर छापेमारी कर 40.46 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार दिलशाद खान वार्ड 23 निवासी मोहम्मद इरशाद खान का पुत्र है। एएसआई जगदीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो धंधेबाज ने भागने का प्रयास किया। लेकिन, उसे पकड़ लिया गया। कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जमानत कराने आए व्यक्ति की बाइक चोरी
भभुआ। सिविल कोर्ट में जमानत कराने आए एक व्यक्ति की बाइक कचहरी गेट से चोरी कर ली गई। भगवानपुर थाना क्षेत्र के महेंदवार निवासी शिवकुमार पासवान ने भभुआ थाने में आवेदन दिया। उसने बताया कि बाइक खड़ी कर कचहरी में गया था। शाम चार बजे बाहर निकला तो बाइक नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का पता नही चला। अपर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने एफआईआर दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्रधानाध्यापक को समारोह में दी गई विदाई
भभुआ। शहर के नगरपालिका मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापक को समारोह में विदाई दी गई। मुख्य अतिथि डीपीओ स्थापना शंभू कुमार सिंह थे। प्रधानाध्यापक नागेंद्र तिवारी की सेवानिवृत्ति पर उनके कार्यकाल की सराहना की गई। शिक्षकों ने उन्हें मोमेंटों व अंगवस्त्र भेंट किया। उन्होंने कहा कि मैं विद्यालय में एक जिम्मेवार पद पर रहा। बच्चों को हमेशा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर करने का काम किया है।
लोहदी धरती माता मंदिर में सुरक्षा की व्यवस्था नहीं
भगवानपुर। अधौरा प्रखंड के लोहदी की धरती माता मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा की व्यवस्था नहीं है। मंदिर परिसर में नशेड़ियों के उत्पात से श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। अधौरा प्रखंड से दर्शन-पूजन करने आए श्रद्धालु देवानंद सिंह और कौशल्या देवी ने बताया कि मंदिर में पूजा करने के बाद भक्तजन चबूतरे पर बैठकर विश्राम करते हैं। लेकिन, जंगल की ओर से नशेड़ी आ जाते हैं।
बीएफटी को 11 माह से नहीं मिला मानदेय
भगवानपुर। जी-राम-जी में कार्यरत बेयरफुट टेक्नीशियन (बीएफटी) को 11 माह से मानदेय नहीं मिल रहा है। इससे उनकी माली हालत खराब हो गई है। बीएफटी बुचुन तिवारी ने बताया कि मानदेय नहीं मिलने से घरेलू उपयोग की वस्तु दुकान से उधार लाना पड़ रहा है। लेकिन, अब दुकानदार भी ज्यादा दिनों तक उधार में सामग्री देने के पक्ष में नहीं हैं। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उन्हें जरूरी पाठ्य सामग्री उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं।
रोपनी की व्यस्तता से बाजार में मंदी
भगवानपुर। प्रखंड मुख्यालय बाजार में इन दिनों मंदी दिख रही है। दुकानदार गुड्डू चौरसिया ने बताया कि किसान व मजदूर धनरोपनी में व्यस्त हैं। लग्न या पर्व का भी समय नहीं है। बीच-बीच में बारिश हो रही है। ऐसे में कारोबार प्रभावित हो रहा है। चाय-नाश्ता के दुकानदार बंटी साह ने बताया कि ग्राहकों के कम आने से सब्जी, कपड़ा, समोसा, चाय, नमकीन, मिठाई आदि की बिक्री नहीं के बराबर हो रही है।


