ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भभुआनहीं चला मास्क न लगाने का कोई बहाना, काटे गए चलान (पेज तीन की लीड खबर)

नहीं चला मास्क न लगाने का कोई बहाना, काटे गए चलान (पेज तीन की लीड खबर)

नगर परिषद प्रशासन ने कोरोना काल में मास्क किया मस्ट, कहा- मास्क की जांच के लिए शहर के हर चौक-चौराहों पर चलता रहेगा...

नहीं चला मास्क न लगाने का कोई बहाना, काटे गए चलान (पेज तीन की लीड खबर)
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,भभुआMon, 13 Dec 2021 08:00 PM
ऐप पर पढ़ें

नगर परिषद प्रशासन ने कोरोना काल में मास्क किया मस्ट, कहा- मास्क की जांच के लिए शहर के हर चौक-चौराहों पर चलता रहेगा अभियान

शहर के एकता चौक व नगरपालिका के सामने लोगों को किया जागरूक

बिना मास्क के मिले लोगों से नप ने वसूल किया जुर्माना, दिए दो मास्क

50 रुपया काटा जा रहा जुर्माना

भभुआ। कार्यालय संवाददाता

देश के विभिन्न राज्यों में कोरोना के नए वैरिएंट ओमीक्रोन के मामले मिलने के बाद कैमूर प्रशासन सावधान हो गया है। हर बिंदु पर सावधानी बरती जा रही है। इसको लेकर सोमवार को बिना मास्क पहने 50 लोगों से 50-50 रुपए का जुर्माना वसूला और उन्हें दो-दो मास्क देकर इसका हमेशा उपयोग करने को कहा। जहां उन्हें मास्क की आवश्यकता की जानकारी दी, वहीं उन्हें चेताया भी। कहा कि अगली बार बिना मास्क के दिखने पर जुर्माना लगाया जाएगा।

बिहार के मुख्य सचिव से निर्देश मिलने के बाद नगर परिषद को भी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। विभिन्न इलाकों में भीषण संक्रमण के बावजूद अभी भी भभुआ शहर में तमाम लोग मास्क लगाने से बच रहे हैं। इसको लेकर जांच के दौरान तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं। सोमवार को भभुआ नगर परिषद की टीम ने बिना मास्क लगाए तमाम लोगों को जागरूक किया। इसकी पुष्टि नगर परिषद के नगर प्रबंधक इसराफिल अंसारी ने दी।

शहर के एकता चौक व नगरपालिका गेट के सामने राहगीरों, ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक को रोककर चालकों व यात्रियों को जागरूक किया। उन्हें बताया कि ओमीक्रोन कितना खतरनाक है। अगर अभी से मास्क पहनने की आदत नहीं डाली, तो जिंदगी खतरे में पड़ सकती है। जो लोग बिना मास्क के मिले उन्होंने तरह-तरह के बहाने बनाने शुरू किए। लेकिन, उनके एक बहाने नहीं चले। ऐसे 50 लोगों के खिलाफ नप की टीम ने कार्रवाई की। उनसे 50-50 रुपए जुर्माना जमा कराया।

कोरोना संक्रमण के चलते विभिन्न राज्यों के लोग संक्रमित हो रहे हैं। पटना, बेगूसराय, नवादा में भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसलिए यहां सतर्कता जरूरी है। बावजूद तमाम लोग अभी भी लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं। नगर परिषद की टीम ने सोमवार को जब बिना मास्क लगाए लोगों को रोका तो वह तरह-तरह के बहाने बनाने लगे।

बिना फेस मास्क के बाहर निकले लोगों पर फिलहाल 50 रुपया जुर्माना लगाया जा रहा है। लापरवाही बढ़ी तो राशि बढ़ाई जा सकती है।

बना रहे थे इस तरह के बहाने

एक अधिकारी ने बताया की एक युवक ने बहाना किया कि मास्क लगाने से उसका दम घुटने लगता है। एक युवती से मास्क न लगाने का कारण पूछा तो उसने कहा कि मुझे मास्क लगाने पर उलझन होती है। इसी तरह एक बाइक सवार युवक ने कहा कि वह तो हेलमेट लगाया है। फिर भी मास्क जरूरी है, तो वह बाइक चलाते वक्त भी इसका उपयोग करेगा। जबकि उसकी बाइक पर पीछे बैठा युवक बिना मास्क का था।

बिना मास्क के कर रहे थे खरीदारी

जांच के दौरान नगर परिषद की टीम ने देखा कि कुछ लोग आसपास की दुकानों पर सामान लेने बिना मास्क पहने पहुंच गए। अधिकारियों ने पूछा तो बोले अरे इतनी दूरी में कुछ नहीं होता है। बगल में घर है, मास्क लगा लेंगे। जबकि कुछ लोगों के मास्क उनकी जेबों व पर्स में मिले। इनके तमाम तर्क वितर्क को नगर परिषद के अधिकारियों ने खारिज कर दिया। सभी से 50-50 रुपए जुर्माना वसूल किया गया।

एकजुट हो संक्रमण को दे सकते हैं मात

शहर के फेस मास्क लगाए जनार्दन सिंह, अमरेश कुमार व अरविंद सिंह से बात की गई। उन्होंने कहा कि अगर सभी लोग एकजुट हो तो संक्रमण को मात दे सकते हैं। अगर सभी सामाजिक, धार्मिक संस्थाएं और राजनीतिक दल अपने कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतारें और बिना मास्क पहनकर बाहर निकलने वाले लोगों को मास्क पहनने के लिए जागरूक करें, तो इसका परिणाम बेहतर आएगा। इसके लिए नगर परिषद को उक्त संगठनों के साथ बैठक करनी चाहिए।

कोट

किसी के भी बहाने नहीं चलेंगे। बिना मास्क लगाए जो भी मिलेंगे, उनसे जुर्माना वसूला जाएगा। वह चाहे दुकानदार हो या आम नागरिक। सभी को मास्क लगाना जरूरी है।

इसराफिल अंसारी, नगर प्रबंधक, नप

फोटो- 13 दिसंबर भभुआ- 4

कैप्शन- भभुआ शहर के एकता चौक के पास सोमवार को मास्क की जांच कर चलान काटते नगर परिषद की टीम।

विधानसभा चुनाव 2023 के सारे अपड्टेस LIVE यहां पढ़े