गणित ज्योति शिविर शुरू, गणित में निपुण बनेंगी बेटियां
भभुआ में गणित ज्योति शिविर का शुभारंभ हुआ, जिसमें 60 से अधिक छात्राएं भाग ले रही हैं। यह शिविर गणित को सरल और रोचक तरीके से समझाने के साथ-साथ कॅरियर मार्गदर्शन प्रदान करेगा। इसका उद्देश्य छात्राओं में गणित के प्रति आत्मविश्वास पैदा करना और विज्ञान व तकनीकी क्षेत्रों में रुचि बढ़ाना है।

जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ, केजीबीवी की 60 से अधिक छात्राएं ले रहीं हिस्सा शिविर में गणित को आसान तरीके से समझाने के साथ कॅरियर मार्गदर्शन भी मिलेगा (युवा पेज) भभुआ, नगर संवाददाता। जिले की बेटियों को गणित में दक्ष बनाने, उनमें तार्किक सोच विकसित करने और विज्ञान व तकनीकी क्षेत्रों के प्रति रुचि बढ़ाने हो लेकर सोमवार से गणित ज्योति शिविर शुरू हुआ। यह शिविर पांच दिनों तक चलेगा। महिला एवं बाल विकास निगम तथा शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से शिविर आयोजित किया है। यह शिविार ‘हमारी लाडो’ कार्यक्रम के तहत भभुआ के जिला पंचायत संसाधन केंद्र में आयोजित किया गया है, जिसमें जिले के विभिन्न कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) की 60 से अधिक मेधावी छात्राएं हिस्सा ले रही हैं।
शिविर का उद्घाटन
जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया और छात्राओं को गणित के महत्व को समझाते हुए पूरे मनोयोग से सीखने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों का कहना था कि शिविर का उद्देश्य छात्राओं में गणित के प्रति भय को दूर कर आत्मविश्वास पैदा करना है, ताकि वह भविष्य में इंजीनियरिंग, चिकित्सा, तकनीक और प्रशासनिक सेवाओं जैसे क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। शिविर 18 से 22 मई तक चलेगा, जिसमें विशेषज्ञ प्रशिक्षक छात्राओं को आसान एवं रोचक तरीकों से गणित की समझ विकसित कराएंगे।
गणित को आसान और रोचक बनाने पर जोर
शिविर का उद्घाटन कर डीएम ने कहा कि गणित केवल संख्याओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह सोचने, समझने और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता को मजबूत करता है। उन्होंने छात्राओं से शिविर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। शिविर में कक्षा दसवीं की छात्राओं को गणित की जटिल अवधारणाओं को सरल और व्यवहारिक तरीके से समझाया जाएगा। पहेलियों, समूह गतिविधियों और दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से छात्राओं में गणितीय सोच विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सवाल पूछने, अपनी जिज्ञासाओं को सामने रखने और आत्मविश्वास के साथ सीखने का अवसर मिलेगा।
कॅरियर निर्माण में गणित की भूमिका से होंगी परिचित
शिविर में विशेषज्ञ प्रशिक्षक छात्राओं को यह भी बताएंगे कि गणित का उपयोग केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इंजीनियरिंग, चिकित्सा, कंप्यूटर विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान, डेटा विश्लेषण, वित्तीय सेवाओं और प्रशासनिक सेवाओं जैसे क्षेत्रों में इसकी अहम भूमिका होती है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि समाज में अक्सर गणित को कठिन विषय मान लिया जाता है, विशेषकर बालिकाओं के लिए। ऐसे में गणित ज्योति शिविर इस सोच को बदलने की दिशा में सकारात्मक पहल साबित होगा। शिविर छात्राओं को भयमुक्त वातावरण में सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देगा। उद्घाटन समारोह में शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारी, कस्तूरबा विद्यालयों की वार्डेन और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। (भभुआ से दीपक पांडेय) फोटो -18 मई भभुआ- 10 कैप्शन- भभुआ शहर के जिला पंचायत संसाधन केंद्र में आयोजित गणित ज्योति शिविर के शुभारंभ पर सोमवार को भाग लेतीं छात्राएं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


