
वंदे मातरम के 150वें वर्ष पर स्कूलों में गूंजेगी देशभक्ति की धुन
संक्षेप: बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश पर भभुआ जिले के सभी विद्यालयों में 7 नवम्बर 2025 को सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विद्यार्थी, शिक्षक और कर्मी वंदे मातरम् का गायन करेंगे, जो मातृभूमि के प्रति आभार और देश की एकता को दर्शाएगा। आयोजन के दौरान अनुशासन का पालन अनिवार्य होगा।
जिले के सभी प्रारंभिक व उच्च विद्यालयों में आयोजित होगा सामूहिक गायन शिक्षा विभाग पटना के निर्देश पर जिला शिक्षा विभाग ने स्कूलों को भेजा पत्र भभुआ, नगर संवाददाता। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश पर जिले के सभी विद्यालयों में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी किया है। इस आशय के जारी पत्र के अनुसार, शुक्रवार 7 नवम्बर 2025 को प्रात: 10 बजे जिले के सभी विद्यालयों में विद्यार्थी, शिक्षक और कर्मी एक साथ खड़े होकर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन करेंगे।

यह आयोजन मातृभूमि के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ देश की एकता, समर्पण और बलिदान की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करेगा। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विद्यालय में अनुशासित वातावरण में गीत का गायन सुनिश्चित किया जाएगा। आयोजन से संबंधित सभी फोटो, वीडियो, मीडिया कवरेज रिपोर्ट तथा प्रतिभागियों की संख्या को अनिवार्य रूप से वंदे मातरम 150 डॉट इन वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि आयोजन के दौरान आदर्श आचार संहिता के नियमों का पूर्णत: पालन किया जाए। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि वंदे मातरम् न केवल एक गीत है, बल्कि यह राष्ट्र की आत्मा का प्रतीक है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और मातृभूमि के प्रति गर्व की भावना और अधिक प्रबल होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




