हनुमान घाट से बच्चों ने खूब खाई पसंद की चीजें व खरीदे खिलौने
भगवानपुर प्रखंड के हनुमान घाट मंदिर के पास दो दिवसीय मकर संक्रांति मेला शुरू हुआ है। इस मेले में आसपास के कई गांवों के लोग आए हैं। बच्चों ने खिलौने और खाने-पीने की वस्तुएं खरीदीं। हालांकि, मेले के दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

भगवानपुर प्रखंड के इस घाट पर दो दिनों तक लगेगा मकर संक्रांति का मेला कई गांवों के दुकानदार आए हैं सामान की बिक्री करने, लगी थी लोगों की भीड़ (पेज चार) भगवानपुर, एक संवाददाता। प्रखंड के हनुमान घाट मंदिर के पास बुधवार से दो दिवसीय मकर संक्रांति मेला शुरू हुआ। यहां आजादी के बाद से अबतक मेला लगता आ रहा है। मेला में प्रखंड के भगवानपुर, राधाखांड़, टोड़ी, कसेर, मोहनपुर, परमालपुर, खिरी आदि गांवों के लोग पहुंचे थे। मेले में बच्चों ने प्लास्टिक की कार, बस, पुतुल, सिनेमा, बांस की बांसुरी, काठ की गाड़ी की खरीदारी की। मेला परिसर में खिलौनों, चाट, पकौड़ी, जलेबी आदि की दुकानें सजी हुई थीं।
भगवानपुर निवासी दीपक चौरसिया ने बताया कि वह अपने घर के बच्चों को मेला दिखाने लाए हैं। वह काठ की गाड़ी और इलेक्ट्रॉनिक कार खरीदवाकर बच्चों को ले जा रहे हैं। मेला में कसेर गांव के महेंद्र कुशवाहा मिले। उन्होंने बताया कि मेला में बच्चों को घूमाने आए हैं। बच्चे बांसुरी व खिलौने खरीदने और मेला घूमने की जिद्द कर रहे थे। राधाखांड़ गांव के अयोध्या सिंह ने बताया कि हनुमान घाट मेला में अब हमलोग क्या घूमेंगे? बच्चे मेला देखने के लिए रो रहे थे। इसलिए उन्हें लेकर चले आए हैं। जब तक बच्चे खिलौनों की खरीदारी करेंगे और खाएंगे, तब तक वह दंगल प्रतियोगिता देख रहे हैं। यह मेला हनुमान घाट के हनुमान मंदिर परिसर से लेकर भभुआ-अधौरा मुख्य सड़क तक लगता है। मेले के दौरान सड़क पर वाहनों के आने-जाने से हादसे की भी आशंका बनी रहती है। पहले इस स्थान पर सड़क के दोनों तरफ काफी जगह खाली थी। लेकिन, अब दोनों तरफ झोपड़ी लगाने, मवेशियों को बांधने और बांस से घेराबंदी करने से अतिक्रमण हो गया है। इससे मेला क्षेत्र का दायरा प्रत्येक वर्ष सिमटता जा रहा है। फोटो- 14 जनवरी भभुआ- 20 कैप्शन- भगवानपुर प्रखंड के हनुमान घाट स्थित मंदिर के समीप बुधवार को लगे मेला से खिलौने खरीदते बच्चे व घूमते लोग।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



