स्वतंत्रता सेनानी बद्री प्रसाद आर्य मिनी पार्क बदहाली का शिकार
भभुआ के स्वतंत्रता सेनानी बद्री प्रसाद आर्य मिनी पार्क की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। पार्क में कूड़ा, घास और जलजमाव की समस्या है। स्थानीय लोग नगर परिषद से सफाई और सौंदर्यीकरण की मांग कर रहे हैं। यदि ध्यान नहीं दिया गया, तो पार्क पूरी तरह से बदहाल हो जाएगा।

कूड़े-कचरे, उगी घास और जलजमाव से पार्क की पहचान हुई धुंधली स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से सफाई और सौंदर्यीकरण की उठाई मांग (बोले भभुआ) भभुआ, नगर संवाददाता। शहर के कलेक्ट्रेट पथ में राजेंद्र सरोवर के बगल में स्थित स्वतंत्रता सेनानी बद्री प्रसाद आर्य मिनी पार्क की स्थिति इन दिनों काफी दयनीय बनी हुई है। कभी शहर की सुंदरता में चार चांद लगाने वाला यह पार्क अब बदइंतजामी और अनदेखी का उदाहरण बन गया है। पार्क के अंदर जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा हुआ है। यहां की स्थिति देखने से ऐसा महसूस हो रहा है कि इसकी सफाई काफी दिनों से नहीं हो सकी है।
इसके परिसर की लंबी घास और झाड़ियां बता रही हैं कि इनकी छंटाई भी नहीं हो रही है। इस वजह से पार्क की उपयोगिता और आकर्षण दोनों खत्म होते जा रहे हैं। पार्क के बगल में कई गुमटी संचालकों ने अपनी दुकानें लगा रखी हैं। इन दुकानों से निकलने वाला कचरा पार्क के अंदर फेंका जा रहा है, जिससे गंदगी और भी बढ़ गई है। प्लास्टिक, पॉलिथीन, खाने-पीने के अवशेष और अन्य अपशिष्ट पदार्थ पार्क में बिखरे पड़े हैं। इससे न केवल दुर्गंध फैल रही है, बल्कि स्वच्छ वातावरण की उम्मीद भी टूटती दिख रही है। पार्क के पास नगर परिषद द्वारा पेयजल की सुविधा के लिए प्याऊं की व्यवस्था की गई है, लेकिन इसका समुचित प्रबंधन नहीं होने के कारण यहां से बहने वाला पानी पार्क के भीतर चला जाता है। लगातार पानी गिरने से पार्क में कीचड़ बन गया है और जगह-जगह गंदा पानी जमा हो गया है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और स्वास्थ्य प्रभावित होने की आशंका के बीच लोग राह तय कर रहे हैं। यहां से गुजरने वाले मुनीब राम, चंचल कुमार, सौंदर्य कुमार, प्रीतम कुमार, वेद प्रकाश गुप्ता, रघुवंश तिवारी ने नगर परिषद से पार्क की नियमित सफाई कराने, कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने और समुचित सौंदर्यीकरण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो पार्क पूरी तरह बदहाल हो जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद से अपेक्षा जताई है कि पार्क को फिर से स्वच्छ, हरा-भरा और उपयोगी बनाया जाए। फोटो -17 जनवरी भभुआ- 2 कैप्शन- शहर के कलेक्ट्रेट पथ पर स्थित गंदगी से भरा स्वतंत्रता सेनानी बद्री प्रसाद आर्य पार्क।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



