फाग गीत गाकर होली की भेंट लेकर दुआएं दे रहे किन्नर

Feb 25, 2026 08:46 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भभुआ
share Share
Follow Us on

भभुआ में होली का रंग चढ़ने लगा है। किन्नर समाज बाजारों में ढोल और गीत गाकर लोगों को बधाई दे रहा है। वे शांति और भाईचारे का संदेश देते हुए दुकानदारों और आम नागरिकों को आशीर्वाद दे रहे हैं। किन्नर समुदाय का मानना है कि उनके आशीर्वाद से लोगों को सुख, शांति और समृद्धि मिलती है।

फाग गीत गाकर होली की भेंट लेकर दुआएं दे रहे किन्नर

शहर के आमजन के अलावा कारोबारी भी खुशी-खुशी दे रहे नकद ढोल, झाल, मजिरा के साथ बाजार में होली गीत गाते दिख रहे किन्नर (पेज चार की बॉटम खबर) भभुआ, कार्यालय संवाददाता। कैमूर में होली का रंग परवान चढ़ने लगा है। इस रंग में हर कोई सराबोर हो रहा है। रिश्तेदारी में आने-जानेवाले लोगों के कपड़े रंग से छींटदार दिखने लगे हैं। चेहरे भी बदरंग। होली की मस्ती के बीच किन्नर समाज भी बाजार में है। वह बाजारों में घूम-घूमकर ढोल, झाल-मजिरा की थाप पर होली गीत गाकर बधाई भी मांग रही हैं। किन्नर समाज लोगों की हर खुशी में शामिल होता है।

बच्चे के जन्म लेने पर भी बधाई देने और नृत्य व गायन करने घरों में पहुंचते हैं। छत के मुड़ेरों, झरोखा व दरवाजों पर से महिलाएं इनके गीत सुनने और नृत्य देखने के लिए खड़ी दिख रही हैं। किन्नर समाज अपने गीत के माध्यम से होली पर्व को शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश दे रहा है। बाजार की दुकानों में किन्नरों द्वारा गीत-संगीत प्रस्तुत कर दुकानदारों एवं आम नागरिकों को होली की बधाई देते हुए उनके लिए सुख, शांति, समृद्धि की कामना की जा रही है। होली पर्व को देखते हुए भभुआ शहर में किन्नर समाज के लोगों द्वारा बाजार एवं कई स्थानों पर होली गीत प्रस्तुत कर भाईचारे का पैगाम दिया जा रहा है। भभुआ किन्नर समाज की मलकिनी सोनी किन्नर ने कहा कि शहर के विभिन्न बाजारों की दुकानों व प्रतिष्ठानों में जाकर गीत-संगीत के माध्यम से दुकानदारों एवं आम नागरिकों को आशीर्वाद दिया जा रहा है। आम नागरिकों का भी मानना है कि किन्नर समाज द्वारा दिए गए आशीर्वाद को लेना चाहिए। सोनी किन्नर ने बताया कि हमलोगों के द्वारा किसी भी खुशनुमा माहौल के मौके पर गीत संगीत प्रस्तुत कर खुशियां बांटी जाती है। होली पर्व को शांति व सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील कर रहे हैं। होली गीत के माध्यम से साथ ही अबीर गुलाल लगाकर पर्व की बधाइयां भी दी। बरकत की दुआ करते हैं किन्नर मोना किन्नर ने कहा कि हम किन्नर इस समाज के एक प्रमुख अंग हैं। इसलिए हमलोग समाज के बीच में रहकर समाज में एक अच्छा संदेश अपने गीत संगीत के माध्यम से देते हैं। आमजन भी चाहते हैं कि हम उनके दरवाजे पर जाएं और उन्हें आशीर्वाद दें। हमारी सोंच रहती है कि हम लोगों को दिए गए आशीर्वाद से दुकानदार एवं आम नागरिकों को बरकत मिले। फगवा भेंट कर रहे हैं लोग काजल किन्नर ने बताया कि प्रतिवर्ष होली में हम शहर में जजमानों के यहां जाकर उनकी रोजी-रोटी में बरकत, परिवार की खुशहाली और अमन-चैन की दुआएं कर फगवा मांगते है। लोग भी खुशी-खुशी उन्हें फगवा भेंट कर दुआ लेते हैं। वरिष्ठ किन्नर सोनी ने बताया कि जजमानों के यहां पहुंचकर होली गीतों के माध्यम से हमारी टोली उनके लिए दुआ करती और उन्हें होली की बधाई देकर फगवा लेती है। फोटो- 25 फरवरी भभुआ- 8 कैप्शन- शहर के एकता चौक एक दुकान पर बुधवार को फाग गीत गाकर होली पर्व का त्योहारी लेता किन्नर समाज।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।