प्रखंड स्वच्छता पर्यवेक्षक को दी गई विदाई

Newswrap हिन्दुस्तान, भभुआ
share

अधौरा में स्वच्छता पर्यवेक्षक आलोक कुमार का विदाई समारोह आयोजित हुआ। शिक्षिका सरस्वती देवी के निधन पर शोकसभा की गई। रामपुर में गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। भगवानपुर में झोला छाप डॉक्टरों द्वारा मरीजों का शोषण हो रहा है। खेल मैदान और पैक्स गोदाम की कमी से ग्रामीण परेशान हैं।

प्रखंड स्वच्छता पर्यवेक्षक को दी गई विदाई

अधौरा। प्रखंड मुख्यालय के बहुदेशीय भवन में शुक्रवार को स्वच्छता पर्यवेक्षक आलोक कुमार का स्थानांतरण आरा में होने के बाद विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी रविन्द्र कुमार ने की। कार्यक्र में प्रखंड के स्वच्छता व अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया। इनके द्वारा अंग वस्त्र देकर विदाई की गई। आलोक अधौरा में स्वच्छता के क्षेत्र में चार साल तक काम किए हैं। शोकसभा में शिक्षिका को दी श्रद्धांजलि रामपुर। मध्य विद्यालय सोनवर्षा के शिक्षिका सरस्वती देवी के निधन की खबर मिलते ही शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। विद्यालय में शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा शोकसभा आयोजित कर दो मिनट मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि दी और मृत आत्मा की शांति के लिए ईस्वर से प्रार्थना की।

प्रधानाध्यापक ललन पांडेय ने बताया कि शिक्षिका का शव सासाराम के कुम्हऊ स्टेशन के पास बुधवार को मिला था। शिविर में 100 गर्भवती महिलाओं की जांच रामपुर। प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के तहत पीएचसी में शिविर लगाकर 100 गर्भवती महिलाओं बीपी, वजन, खून, एचआईवी आदि की जांच जीएनएम शिवशंकर कुमार, संध्या कुमारी व प्रमिला कुमारी द्वारा की गई। चिकित्सक की सलाह पर उन्हें दवाएं भी दी गई तथा नियमित पौष्टिक आहार में हरी साग सब्जी, मौसमी फल, दूध लेने को कहा गया। दिक्कत होने पर जांच कराने का सुझाव दिया गया। मरीजों का दोहन कर रहे झोला छाप डॉक्टर भगवानपुर। प्रखंड में मौसमी बीमारी का इलाज करने के नाम पर झोला छाप डॉक्टरों की चांदी कट रही है। सर्दी, जुखाम, खांसी, बुखार के मरीजों की बिना जांच कराए दवाएं दे रहे हैं। दवा का दाम भी ज्यादा लिया जा रहा है। कभी तीखी धूप, कभी बूंदाबांदी व कभी बादल होने की वजह से लोग मौसम से सामंजस्य स्थापित नहीं कर पा रहे हैं, जिससे वह बीमार हो रहे हैं। वाहन चेकिंग स्पॉट बनी हनुमान घाटी भगवानपुर। पुलिस प्रशासन के लिए वाहन चेकिंग का इस समय हनुमान घाटी पीक स्पॉट बन गयी है। सूत्रों ने बताया कि हालांकि इस स्पॉट पर वाहन चेकिंग अभियान से अधौरा की ओर से शराब मामले से संबंधित लोगों पर नियंत्रण रखने में मदद मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस अभियान में ओवरलोडेड यात्री वाहनों की भी जांच को शामिल किए जाने से दुर्घटनाएं कम होंगी। खेल मैदान नहीं होने से प्रतिभाएं कुंठित भगवानपुर। प्रखंड की सरैया, टोड़ी, पहाड़िया सहित कई पंचायत में अबतक खेल मैदान का निर्माण नहीं कराया सका है। विद्यालयों में भी कोई खेल का मैदान नहीं है। इससे खिलाड़ियों को फुटबॉल और क्रिकेट का अभ्यास करने में दिक्कत हो रही है और प्रतियोगिताएं भी आयोजित नहीं होती। गेहूं की फसल कटने के बाद जब खेत खाली होंगे तब गांव के बच्चे उसमें खेल का अभ्यास करेंगे। पढ़ौत में अबतक नहीं बना पैक्स गोदाम भगवानपुर। प्रखंड की पढ़ौती एक ऐसी पंचायत है, जहां सहकारिता विभाग द्वारा अबतक पैक्स गोदाम का निर्माण नहीं कराया जा सका है। गोदाम का निर्माण नहीं होने से धान क्रय के दौरान अनाज को रखने के लिए अलग से प्रबंध करना पड़ता है। उसके भर जाने से धान क्रय प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। इससे किसानों हो परेशानी का सामना करना पड़ता है। टहनियों की छंटाई नहीं होने से आवागमन प्रभावित भगवानपुर। प्रखंड के भगवानपुर-बसंतपुर नहर पथ और राजपुर-बहुरी सड़क पर मनरेगा और वन विभाग के रोपे गए पैधे अब पेड़ का रूप ले लिए हैं। इन पेड़ों की डालियां सड़क पर फैलने और लटकने लगी हैं। राहगीर तो दाएं-बाएं करके राह तय ले रहे हैं, पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ की डालियों की छंटाई नहीं होने से सड़क संकरा हो गयी है। पियार का मंजर देख अधौरा के किसान खुश अधौरा। प्रखंड में इस वर्ष मंजर से पियार के पेड़ लद गए हैं, जिसे देख किसान खुश हैं। सारोदाग के हरिहर साह, पटपर के छोटे लाल उरांव, चैनपुरा के झामलाल उरांव ने बताया कि लगभग हर गांव के किसानों की निजी भूमि में पियार के पेड़ हैं। व्यापारी उनके पास से पियार 100-150 रुपए प्रति किलो खरीदकर ले जाते हैं और बाजार में इसे महंगी दर पर बेचकर ज्यादा मुनाफा कमाते हैं। टूटी सुरक्षा दीवार से दुर्घटना की आशंका रामपुर। बेलांव थाना क्षेत्र इटवा गांव में जाने वाली पुलिया की सुरक्षा दीवार टूट गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि करौंदा वितरणी से आने-जाने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा पुलिया का निर्माण कराया गया है। इसकी सुरक्षा दीवार पिछले वर्ष ही टूटी थी। लेकिन, सिंचाई विभाग द्वारा इसकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है। जबकि ग्रामीणों द्वारा कई बार गुहार लगाई जा चुकी है। (भभुआ से हिन्दुस्तान टीम)

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।