Bhabua News: नकली खाद बनाने का भंडाफोड़, गोदाम व दुकान सील
Bhabua News: भभुआ में नकली खाद बनाने का भंडाफोड़ हुआ है। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए प्रशासन ने एक गोदाम और जय मां अम्बे खाद भंडार को सील कर दिया। उर्वरक दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जांच हेतु खाद का सेंपल पटना भेजा गया है।

Bhabua News: नकली खाद बनाने का भंडाफोड़, गोदाम व दुकान सील गुप्त सूचना के आधार पर एसडीएम व डीएओ ने खाद दुकान व गोदाम पर की छापेमारी की कार्रवाई डीएओ ने कहा, भगवानपुर में स्थित जय मां अम्बे खाद भंडार के दुकानदार पर की गई है एफआईआर भभुआ, हिन्दुस्तान संवाददाता। कैमूर में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला मुख्यालय भभुआ शहर से महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर कुकराढ़ गांव के समीप स्थित एक गोदाम में प्रशासन ने छापेमारी कर नकली खाद बनाकर बेचे जाने का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर एसडीएम अमित कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार, बीडीओ आतुलय कुमार व सोनहन थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार पंडित ने शनिवार की देर शाम गोदाम में छापेमारी की।
जांच एवं कार्रवाई
डीएम कुमार अनुराग के निर्देश पर प्रशासन ने कुकराढ़ गांव के समीप गोदाम व भगवानपुर बाजार में स्थित जय मां अम्बे खाद भंडार को सील करते हुए उर्वरक दुकानदार अलोक कुमार श्रीवास्तव के विरुद्ध सोनहन थाने में एफआईआर दर्ज करायी है। इस बात की जानकारी जिला कृषि पदाधिकारी विकास ने दी। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि सोनहन-कुदरा रोड में स्थित कुकराढ़ गांव के समीप एक गोदाम में अवैध रूप से उर्वरक का भंडारण कर उसे ट्रक पर लोड किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने उक्त स्थल पर स्थित गोदाम पर औचक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके पर कृषि में उपयोग की जानेवाली यूरिया को इंडस्ट्रियल उपयोग में आने वाले टेक्निकल ग्रेड यूरिया के बैग में अवैध रूप से भरा जा रहा था। साथ ही संदिग्ध उर्वरक को डीएपी की बोरियों में भी पैक करने की तैयारी चल रही थी। उन्होंने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए उसमें पाए गए सभी अवैध सामानों को गोदाम में सील कर दिया गया और ट्रक को जब्त कर सोनहन पुलिस को सौंप दिया गया। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जांच एवं पूछताछ के क्रम में यह बात सामने आई कि उक्त गोदाम का संचालन भगवानपुर में स्थित मां अंबे खाद भंडार के प्रोपराइटर आलोक श्रीवास्तव द्वारा किया जा रहा है।
किसानों के हित में कार्रवाई
डीएओ ने बताया कि किसानों के हक के उर्वरक की कालाबाजारी और अवैध री-पैकिंग के इस कृत्य पर प्रशासन ने कड़ा एक्शन लेते हुए यह बड़ी कार्रवाई की है। गोदाम का संचालन एवं इस अवैध कारोबारी में संलिप्त उर्वरक दुकानदार तथा संदिग्ध व्यक्तियों सोनहन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। गोदाम से यह सामाग्री हुआ बरामद भभुआ। जिला कृषि पदाधकारी ने बताया कि गोदाम में छापेमारी के दौरान टेक्निकल ग्रेड यूरिया 683 भरी हुई बोरियां एवं 188 बोरियां ट्रक पर लदी हुई, डीएपी खाद की 117 भरी हुई बोरियां, सफेद बैग में डीएपी जैसा संदिग्ध उर्वरक तथा लगभग 756 बोरियां डीएपी बैग में भरने के लिए रखी गई थी। उन्होंने बताया कि खाली यूरिया का लगभग 1000 पीस बैग, नए खाली डीएपी का 700 पीस बैग गोदाम में बरामद किया गया। गोदाम के आगे उर्वरक लोड किए जा रहे एक ट्रक को भी प्रशासन ने जब्त किया है।
किसानों के लिए निर्देश
भभुआ। जिला प्रशासन ने कैमूर के सभी किसानों एवं आम नागरिकों से कृषि विभाग द्वारा अधिकृत व पंजीकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदने की अपील किया है। डीएओ ने किसानों से खाद की खरीदारी के दौरान पॉस मशीन से खरीद की पक्की रसीद अवश्य प्राप्त करनी की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, नकली, संदिग्ध खाद की बिक्री या अवैध भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत स्थानीय कृषि पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी या नजदीकी थाना को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
सेंपल की जांच
जांच के लिए पटना लैब में भेजा गया सेंपल भभुआ। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि अवैध रूप से संचालित उर्वरक गोदाम में पाए गए नकली खाद का सेंपल जांच के लिए विभाग के लैब में पटना भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जांच में यह पता चलेगा कि खाद में कौन अवैध सामग्री व केमिकल की मिलावट की जा रही है। मिलावटी सामग्री और केमिकल का भूमि और खेतों में लगाए जाने वाले फसल पर क्या दुष्प्रभाव पड़ेगा।
लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया
रद्द किया जाएगा उर्वरक दुकान का लाइसेंस भभुआ। अवैध ढंग से गोदाम का संचालन कर नकली खाद बनाकर किसानों के बीच बिक्री करने के आरोप में दोषी पाए गए उर्वरक दुकानदार के विरुद्ध जिला प्रशासन बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी व विभाग के निर्देश पर इस अवैध कारोबार में जुटे भगवानपुर में स्थित मां अंबे खाद भंडार के लाइसेंस को भी तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाएगा। कोट गुप्त सूचना के आधार पर भभुआ-कुदरा पथ में कुकुराढ़ गांव के पास एक गोदाम पर छापेमारी कर नकली खाद तैयार करने की सामग्री, खाली बैग, लोड खाद के साथ ट्रक को जब्त किया गया है। गोदाम व दुकान को सील कर मां अंबे खाद भंडार के प्रोपराइटर आलोक श्रीवास्तव के विरुद्ध सोनहन थाने में एफआईआर दर्ज की जा रही है। विकास कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, कैमूर कैप्शन- कैमूर के भभुआ-सोनहन मुख्य सड़क पर कुकराढ़ गांव के समीप स्थित खाद की कालाबाजारी की सूचना पर गोदाम में छापेमारी करते एसडीओ, डीएओ व अन्य।


