Bhabua News: सुवरा नदी में अतिक्रमण कर ग्रामीण कर रहे हैं खेती
Bhabua News: भगवानपुर प्रखंड में सुवरा नदी की चौड़ाई कम हो रही है, क्योंकि अतिक्रमण कर खेती की जा रही है। इससे नदी की जलधारा प्रभावित हो रही है और ग्रामीणों को स्नान करने तथा मवेशियों को पानी पिलाने में परेशानी हो रही है। अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है।

Bhabua News: संकरी होती जा रही है नदी की चौड़ाई, मिट्टी से भरने लगी है नदी अतिक्रमण से लोगों को नदी तट पर आने-जाने में हो रही परेशानी (पेज चार) भगवानपुर, एक संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय स्थित सुवरा नदी की जमीन को अतिक्रमित कर खेती की जा रही है, जिससे नदी की चौड़ाई कम हो रही है। भगवानपुर नदी के नहर पुल के दक्षिण से उत्तर तक सुवरा नदी के पुरब और पश्चिमी तट पर अतिक्रमण कर बड़े पैमाने पर खेती की जा रही है।
अतिक्रमण की स्थिति
बताया जाता है कि नदी की उक्त दिशा में नदी की काफी जमीन है, जहां अतिक्रमण किया गया है। लेकिन, इस ओर अफसरों की नजर नहीं पहुंच रही है। इस कारण नदी की जलधारा तक अतिक्रमण कर लिया गया है। अतिक्रमण कर खेती करने से नदी की जलधारा पतली होती जा रही है। उसकी चौड़ाई कम होने लगी है। ऐसे में आमजनों को नदी में स्नान करने जाने और मवेशियों को नदी में पानी पिलाने के लिए ले जाने में दिक्कत करनी पड़ रही है। ग्रामीणों आनंद सिंह व रामेश्वर प्रसाद ने बताया कि सुवरा नदी में खेती करने से नदी का जलप्रवाह अब घट रहा है। खेती करने से तटबंध की मिट्टी का कटाव होने और गाद भरने से नदी की गहराई कम होने लगी है, जिससे गर्मी में नदी का पानी भी सूख जाता है।
छठ पूजा में समस्या
इस दौरान ग्रामीणों को नदी में स्नान करने और कपड़ा धोने में परेशानी होती है। सबसे अधिक दिक्कत छठ व्रतियों व उनके परिजनों को तब होती है, जब नदी के घाट पर छठ पूजा करने के लिए घाट निर्माण करने की तैयारी करनी पड़ती है। अंचल कार्यालय के कर्मियों का कहना है कि नदी की जलधारा बरसात में अक्सर बदलती रहती है। इसलिए अतिक्रमण के लिए मापी करना कठिन है। फिर भी नदी में अतिक्रमण होने पर उसे हटाकर खेती करने वालों पर कार्रवाई करने का प्रावधान है। फोटो- 11 सितंबर भभुआ- 3 कैप्शन- भगवानपुर की दुर्गावती नदी के छिछलवा घाट पर खेती करने के लिए खंभा गाड़ व कंटीला तार लगाकर जमीन का किया गया अतिक्रमण。


