जनभागीदारी से पोषण पखवाड़ा को सफल बनाएं: डीएम
डीएम नितिन कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट में पोषण पखवाड़ा की सफलता के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। यह कार्यक्रम 23 अप्रैल तक चलेगा और इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के पोषण एवं विकास के महत्व को समझाना है। गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।

डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में पोषण पखवाड़ा की सफलता को ले अफसरों के साथ की बैठक कार्यक्रम की सफलता को लेकर विभागीय अफसरों को दिया कई आवश्यक दिशा-निर्देश (युवा पेज) भभुआ, हिन्दुस्तान संवाददाता। आईसीडीएस द्वारा जिले में पोषण पखवाड़ा शुरू किया, जो 23 अप्रैल तक चलेगा। इसके सफल आयोजन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर डीएम नितिन कुमार सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में विभागीय अफसरों के साथ बैठक की। डीएम ने पदाधिकारियों को पोषण पखवाड़ा के तहत समाज कल्याण विभाग द्वारा निर्धारित सभी गतिविधियों का सफल आयोजन जनभागीदारी के माध्यम से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के आलोक में आयोजित इस 8वें पोषण पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य बच्चों के जीवन के प्रथम छह वर्षों में मस्तिष्क के समुचित विकास, उचित पोषण तथा प्रारंभिक बाल उद्दीपन के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
पोषण पखवाड़ा के तहत 9 से 15 अप्रैल तक गर्भवती महिलाओं एवं 0-2 वर्ष के बच्चों के पोषण व्यवहार को सुदृढ़ करने के लिए 'पोषण पर चर्चा', 'दादी-नानी संवाद' एवं स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। प्रारंभिक बाल उद्दीपन (0-3 वर्ष) के बच्चों के संज्ञानात्मक एवं भाषा विकास को बढ़ावा देने के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर 'नवचेतना आधारित अभिभावक सत्र' एवं गृह भ्रमण कार्यक्रम आयोजित होंगे। खेल आधारित शिक्षा (3-6 वर्ष) बच्चों के समग्र विकास एवं स्कूल रेडीनेस को बढ़ावा देने हेतु खेल आधारित शिक्षण, खिलौना निर्माण कार्यशाला एवं 'नन्हे कलाकार कार्यक्रम' आयोजित किए जाएंगे। बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए 'नो स्क्रीन ऑवर अभियान' चलाया जाएगा तथा उन्हें योग एवं बाह्य खेलों के प्रति प्रेरित किया जाएगा। पंखुड़ी पोर्टल पर पंजीकरण करें डीएम ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण के लिए 'पंखुड़ी पोर्टल' पर पंजीकरण, 'तिथि भोज' जैसे कार्यक्रमों तथा सामुदायिक एवं सहयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम से संबंधित प्रतिदिन की गतिविधियों का विवरण भारत सरकार के जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर समयबद्ध रूप से अपलोड किया जाए। डीएम ने बैठक में यह भी निर्देशित किया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, ग्रामीण विकास (जीविका), कृषि एवं सूचना एवं जन-संपर्क विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाएं। (भभुआ से श्रीकांत पांडेय)
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


