चैत महीने में छाया घना कोहरा, किसानों की बढ़ी चिंता
बोले भभुआ,बोले भभुआ, चैत महीने में छाया घना कोहरा, किसानों की बढ़ी चिंता अरहर, चना, मसूर, गेहूं और सरसों की फसलों पर

बोले भभुआ, चैत महीने में छाया घना कोहरा, किसानों की बढ़ी चिंता अरहर, चना, मसूर, गेहूं और सरसों की फसलों पर मंडराया खतरा, दो-तीन दिन और कोहरा रहने की संभावना सुबह खेतों और सड़कों पर घनी धुंध से दृश्यता हुई बेहद कम भभुआ, नगर संवाददाता। होली बीतने के बाद चैत के महीने में अचानक पड़े घने कोहरे ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार की सुबह जब किसान अपने खेत-खलिहानों की ओर निकले और आमजन दैनिक कार्यों के लिए घरों से बाहर आए, तो चारों तरफ घनी धुंध की चादर फैली हुई थी। स्थिति यह थी कि सामने से आ रहे वाहन तक स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहे थे और सड़क किनारे रखी वस्तुएं भी कोहरे में पूरी तरह ओझल हो गई थीं।
सुबह के समय बधार और ग्रामीण इलाकों में कोहरा इतना घना था कि दृश्यता काफी कम हो गई। कई स्थानों पर लोगों को वाहन चलाने और रास्ता पहचानने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने खासकर किसानों की चिंताओं को बढ़ा दिया है, क्योंकि इस समय खेतों में खड़ी फसलें अपने महत्वपूर्ण चरण में हैं। स्थानीय किसान रामजन्म सिंह, सुमेर सिंह, कैलाश नाथ पटेल और वृंदा तिवारी सहित कई किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार दो दिनों तक कोहरा बना रहा तो फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों के अनुसार इस समय अरहर, चना और मसूर की फसलों में फूल आ रहे हैं, जबकि गेहूं और सरसों की फसल भी दाना बनने की अवस्था में है। किसानों का कहना है कि अधिक नमी और लगातार कोहरे की स्थिति से फसलों में लगे फूल निष्क्रिय हो सकते हैं, जिससे फलियां बनने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा और किसानों की मेहनत पर पानी फिर सकता है। किसानों ने बताया कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो इस बार उपज में कमी आने की आशंका बढ़ जाएगी। शनिवार की रात भी कुहासा छाया रहा। मौसम विभाग की भविष्यवाणी से बढ़ी बेचैनी मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र में अगले दो से तीन दिनों तक कोहरा बने रहने की संभावना है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि हवा की दिशा में बदलाव होता है तो कोहरा स्वत: समाप्त हो सकता है और मौसम साफ हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार इस समय तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण कोहरे की स्थिति बनी हुई है। यदि दिन में अच्छी धूप निकलती है और हवा का रुख बदलता है तो फसलों को संभावित नुकसान से काफी हद तक बचाया जा सकता है। फिलहाल किसान आसमान की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं और मौसम के जल्द साफ होने की कामना कर रहे हैं, ताकि उनकी खड़ी फसलें सुरक्षित रह सकें और मेहनत का उचित फल मिल सके। फोटो- 8 मार्च भभुआ-01 कैप्शन- रविवार की सुबह भभुआ के बधार में पड़ा घना कोहरा बोले भभुआ, हवाई अड्डा मार्ग पर टूटी नाला पटिया बनी गंभीर समस्या रोजाना गुजरते हैं स्कूली बच्चे व वाहन, हादसे की बनी रहती है आशंका हाल ही में मिट्टी लदे ट्रैक्टर का पहिया नाले में धंसा, लोगों ने की मरम्मत की मांग भभुआ, नगर संवाददाता। नगर के हवाई अड्डा के पास से गुजरने वाली सड़क पर मुख्य अंडरग्राउंड नाले की टूटी पटिया इन दिनों बड़ी समस्या बन गई है। यह सड़क वार्ड संख्या 1, 2 और 3 को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। नाले की पटिया टूट जाने के कारण सड़क पर हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से रोजाना बाइक, टेंपो, टैक्सी और अन्य छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके साथ ही स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चे भी साइकिल से इसी रास्ते से आते-जाते हैं। नाले की टूटी पटिया के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी सावधानी के साथ गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। हाल ही में इस समस्या की गंभीरता उस समय सामने आई जब मिट्टी से लदा एक ट्रैक्टर इसी मार्ग से गुजर रहा था। अचानक ट्रैक्टर का एक पहिया टूटे हुए नाले में धंस गया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। ट्रैक्टर को निकालने के लिए पहले उसमें लदी मिट्टी सड़क पर उतारनी पड़ी। बाद में स्थानीय लोगों और उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के पहिए को नाले से बाहर निकाला जा सका। इस घटना के बाद भी नाले की पटिया की मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे लोगों में चिंता बनी हुई है। रास्ते से गुजरने वाले प्रदीप सिंह, राहुल पटेल, चंचल कुमार, राजेश सिंह और रमेश तिवारी समेत अन्य लोगों ने नगर परिषद से जल्द से जल्द टूटी पटिया को ठीक कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि पुरानी पटिया उपलब्ध हो तो उसे लगाकर नाले को ढकवाया जाए, अन्यथा नई ढलाई कराकर इसे सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी दुर्घटना से बचा जा सके। फोटो - 8 मार्च भभुआ-02 कैप्शन- नगर के हवाई अड्डा के पास से गुजरने वाली सड़क में मुख्य नाले की टूटी पटिया
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


