ठंड से ठिठुर रहा लोगों का बदन, बच्चे—बुजुर्गो की बढ़ी परेशानी
ठंड के कारण सुबह व शाम के समय घरों से निकलने में परहेज कर रहे लोग ठंड बढ़ने से बाजारों में भी उनी कपड़ों की बिक्री में अचानक आ गई है उछाल

ठंड के कारण सुबह व शाम के समय घरों से निकलने में परहेज कर रहे लोग ठंड बढ़ने से बाजारों में भी उनी कपड़ों की बिक्री में अचानक आ गई है उछाल भभुआ, हिंदुस्तान संवाददाता। जिले में दो दिन पूर्व हुई बूंदाबांदी के बाद कैमूर में मौसम का मिजाज बदल गया है। दो तीन दिनों से लगातार चल रही पछुआ हवा के कारण जिले में अचानक ठढ़ बढ़ गई है। ठंड के कारण लोगों का बदन ठिठुर रहा रहा है। लोग सुबह व शाम के समय घरों से बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चे और बुजुर्गों को हो रही है। मौसम विज्ञान की माने तो अभी और ठंड बढ़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। दो-चार दिनों से चल रहे पछुआ हवा का प्रवाह सोमवार तक कैमूर जिले में जारी रहा। यह संवाददाता सोमवार की सुबह जब शहर में निकला तो देखा जगह-जगह पर कुछ लोग जुट का बोरा व लकड़ी का अलाव जलाकर शरीर को गर्म कर रहे थे। शहर के मुंडेश्वरी सिनेमा हॉल के सामने फुटपाथ पर जुट का बोरा जलाकर हाथ-पांव गर्म कर रहे ठेला चालक राजनाथ प्रसाद, रामचन्द्र पासवान तथा नरेश प्रसाद ने बताया कि दो दिन पूर्व बूंदाबांदी के बाद लगातार पछुआ हवा चलने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। नगर परिषद और जिला प्रशासन को शहर के चौक चौराहों पर अलाव का प्रबंध करना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को ठंड से बचाव के लिए पुआल का अलाव जलाकर हाथ पैर को गर्म करते हुए देखा जा रहा है। इधर पछुआ हवा के कारण तेजी से बढ़ रही ठंड के कारण जिले के विभिन्न बाजारों में गर्म उनी कपड़ों की बिक्री भी बढ़ गई है। सोमवार को समाचार कवरेज के दौरान जिला मुख्यालय भभुआ शहर के दुकानों पर लोगों को उनी स्वेटर, जाकेट, मोफलर आदि की खरीदारी करते हुए देखा गया। उधर ठंड को लेकर शरीर को गर्म करने वाले इलेक्ट्रॉनिक समानों की बिक्री भी बढ़ गई है। जिले में सुबह-शाम लग रहा अधिक ठंड भभुआ। पछुआ हवा के कारण तापमान में गिरावट आने से सुबह-शाम के समय अधिक ठंड लग रही है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा लोगों को ठंड से बचाव के लिए अपील किया जा रहा है। विभाग लोगों को खासकर छोटे छोटे बच्चों और घर के बुजुर्ग लोगों पर विशेष ध्यान रखने की सलाह दे रहा है। आपदा प्रबंधन विभाग बाइक चलाने वाले लोगों को सर से लेकर पांव तक गर्म कपड़ा पहनने की सलाह दे रहा है। कैमूर में अभी और गिर सकता है तापमान भभुआ। मौसम विभाग की माने तो पछुआ हवा का प्रकोप जारी रहा तो अभी और तापमान में गिरावट आ सकता है। आने वाले दिनों में सर्द पछुआ हवा से ठिठुरन भी बढ़ सकती है। सूत्रों की माने तो शाम होते ही तापमान में गिरावट आ रही है। ठंड बढ़ने के कारण लोगों के साथ-साथ पशु पंक्षी भी परेशान दिख रहे हैं। लोग अपने साथ-साथ पशुओं को भी ठंड से बचाव का उपाय कर रहे हैं। ठंड से विभिन्न बीमारियों ने दी दस्तक भभुआ। मौसम में बदलाव के साथ ठंड बढ़ने से विभिन्न बीमारियों ने दस्तक दे दी है। चिकित्सकों की माने तो इन दिनों उल्टी-दस्त व पेट दर्द, सर्दी, खांसी व बुखार, सिर दर्द आदि के मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। इसके अलावा हार्ट अटैक के मरीजों की संख्या भी बढ़ गई हैं। वहीं मौसम का बदलता तेवर बुजुर्ग और बच्चों पर ज्यादा भारी पड़ रहा है। कभी गर्मी तो कभी ठंड दोनों के लिए नुकसान दायक है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि इस मौसम में सर्दी, खांसी और बुखार के रोगियों की संख्या बढ़ जाती है। फोटो-30 दिसम्बर भभुआ-04 कैप्शन-ठंड़ के मौसम में सदर अस्पताल परिसर में घुप लेते मरीज व उनके परिजन
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।