दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के पास गोलीबारी में घायल हुए थे पांच लोग
गोली से गंभीर रूप से घायल वार्ड 21 के पिंटू ने तोड़ दिया था दम
भभुआ। एक प्रतिनिधि
सोनहन बस पड़ाव के पास बुधवार को हुई गोलीबारी में घायल पिंटू की मौत के बाद उसके बड़े भाई वार्ड 25 निवासी राजेश यादव ने गुरुवार को सदर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। दर्ज एफआईआर में 12 लोगों को नामजद किया गया है, जिसमें वार्ड 21 के सुरेश यादव, गणेश यादव, इसका बेटा प्रदुम्न यादव, चंद्रमा यादव, जयराम यादव, रामाशीष यादव, रमेश यादव, मनोज यादव उर्फ रामदेव के अलावा दूसरे गांव के निर्मल यादव, इसका बेटा संजय यादव, बिंदा उर्फ गोविंदा यादव यादव सहित 12 लोग शामिल हैं। उसने उक्त लोगों पर गोली मार पिंटू की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस एफआईआर दर्ज कर मामले की पड़ताल कर रही है।
मालूम हो कि भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी के दौरान पिंटू की कमर में गोली लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया था। इस घटना में शहर के वार्ड 25 के प्रेम सेठ, सोनहन थाना क्षेत्र के अमाढ़ी गांव की सरिता देवी, भगवानपुर थाना क्षेत्र के ओर्रा गांव की धाना देवी, उसका भतीजा विष्णु दयाल यादव घायल हो गए थे। घटना के बाद एसपी दिलनवाज अहमद व एसडीपीओ अजय प्रसाद ने सदर अस्पताल पहुंच लोगों से पूछताछ की थी। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।