ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भभुआभलुहारी में विवाहित को जलाकर मार डाला

भलुहारी में विवाहित को जलाकर मार डाला

शरीर से आ रही थी केरोसिन की गंध, पिता का हो रहा है इंतजार, बोले मृतका के पिता, दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे ससुराल...

भलुहारी में विवाहित को जलाकर मार डाला
हिन्दुस्तान टीम,भभुआFri, 16 Nov 2018 07:40 PM
ऐप पर पढ़ें

शरीर से आ रही थी केरोसिन की गंध, पिता का हो रहा है इंतजार

बोले मृतका के पिता, दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे ससुराल वाले

चांद। एक संवाददाता

थाना क्षेत्र के भलुहारी गांव में दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर विवाहिता को जलाकर मार डाला गया। यह घटना गुरुवार को 10 बजे हुई। लेकिन, इसकी जानकारी पुलिस को काफी देर बाद तब हुई जब मृतका के मामा अनिल कुमार ने चांद थाने में फोन किया। पूरे दिन लाश घर में पड़ी रही। रात में करीब आठ बजे पुलिस पहुंची और शव को लेकर थाने आई। पूरी रात व शुक्रवार की दोपहर तक लाश थाने में रखी गई। पुलिस मृतका के माता-पिता के आने का इंतजार कर रही थी। लेकिन, शव से दुर्गंध निकलने की आशंका को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया गया।

मृतका के मामा यूपी के शिवपुर निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें मृतका के पति इंदल राम ने फोन पर सूचना दी थी कि उनकी भगीनी पूजा घर में हंगामा मचा रही है। गैस से आग लगा ली है। मैं दूसरी जगह हूं। आप जल्दी भलुहारी जाइए। उन्होंने इसकी सूचना पूजा के पिता धरौली के बेदहां निवासी सुरेश राम को दी। सुरेश पंजाब की कपड़ा फैक्ट्री में काम करते हैं। अनिल धरौली पुलिस से संपर्क करते हुए चांद थाने को घटना की सूचना दी। चांद पुलिस ने कहा कि आप पहुंचिए हमलोग भी आ रहे हैं।

पंजाब से चांद के लिए चले मृतका के पिता ने दूरभाष पर बताया कि उन्होंने शादी के दौरान इंदल को उपहार में वाहन व अन्य सामग्री के अलावा नकद दिया था। लेकिन, वह दहेज में एक लाख रुपयों की मांग कर रहा था। उसका कहना था कि इस पैसे से वह बाइक की दुकान खोलेगा। उनकी बेटी पूजा के साथ मारपीट करते हुए प्रताड़ित करते थे। पंचायती के बाद उसे अच्छे से रखने की बात इंदल ने कही थी। लेकिन, दहेज नहीं देने पर उसके ससुरालवालों ने पूजा को जलाकर मार डाला।

थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतका के मायके वालों के आने पर उनका बयान लेकर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

फोटो-16 नवम्बर भभुआ- 2

कैप्शन- चांद के भलुहारी गांव में विवाहिता की हत्या के बाद शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजन।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें