ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भभुआघर में घुस भाला व गड़ासा से हमला, महिलाओं को घसीटा (पेज तीन)

घर में घुस भाला व गड़ासा से हमला, महिलाओं को घसीटा (पेज तीन)

मारपीट की घटनाओं में चार महिला सहित छह लोग हो चुके घायल, घायलों का सदर अस्पताल में कराया गया इलाज, पुलिस को दी...

घर में घुस भाला व गड़ासा से हमला, महिलाओं को घसीटा (पेज तीन)
हिन्दुस्तान टीम,भभुआTue, 30 Mar 2021 07:50 PM
ऐप पर पढ़ें

मारपीट की घटनाओं में चार महिला सहित छह लोग हो चुके घायल

घायलों का सदर अस्पताल में कराया गया इलाज, पुलिस को दी सूचना

भभुआ। हिन्दुस्तान प्रतिनिधि

नगर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में चार महिला सहित छह लोग घायल हो गए। घायलों में शहर के वार्ड 25 के ओम प्रकाश हलवाई, उसकी मां अनारकली देवी, पत्नी प्रियंका देवी व पुत्री अन्नपूर्णा कुमारी तथा कुकुढ़ी के मनोज बिन्द व उसके पुत्र संदीप कुमार शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।

गम्भीर रुप से घायल प्रियंका देवी व अन्नपूर्णा कुमारी को गम्भीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में इलाजरत ओम प्रकाश हलवाई ने पुलिस को बताया कि सोमवार की शाम पांच बजे उसके बगल में रहने वाले झिल्लू मल्लाह के पुत्र गोलू मल्लाह, मकानू उर्फ राजू मल्लाह व सोनू मल्लाह शराब के नशे में गाली-ग्लोज करने लगे। ऐसा करने से मना करने पर उनलोगों द्वारा घर में घुसकर भाला व गड़ासा से मारपीट कर बुरी तरह से जख्मी कर दिए। घर की महिलाओ को भी घसीट कर मारपीट की गई। पुलिस मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पुरानी रंजिश को ले हुई मारपीट में पांच लोग घायल

घायलों में चार का पीएचसी रामपुर व एक का चेनारी में हुआ इलाज

घटना को लेकर आवेदन देने पर थाने की पुलिस करेगी कार्रवाई

रामपुर। एक संवाददाता

स्थानीय करमचट थाना क्षेत्र सबार में दो पक्षों के बीच लाठी-डंडा से हुई मारपीट सोमवार को पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के ही रामायण मल्लाह, जगनरायण मल्लाह, सत्नरायण मल्लाह, मनु व चंदन मल्लाह घायल हो गए। घायल चन्दन का रोहतास जिला क्षेत्र चेनारी व अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार पीएचसी रामपुर में डॉ. प्रमोद कुमार द्वारा किया गया। मारपीट का कारण पुरानी रंजिश बताया जाता है।

उपचार कराने आए घायल सुखदेव ने बताया कि हमलोग होली गीत गाकर घर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडा से मारपीट कर घायल कर दिया। पीएचसी प्रभारी डॉ. प्रमेद कुमार ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति सामान्य है। प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया गया। करमचट थाने के जमादार संतोष कुमार ने बताया कि अगर आवेदन मिलता है तो आगे कानूनी कार्रवाई किया जाएगा।

जिले में वाहन दुघर्टनाओं में पांच लोग जख्मी

कुकुराढ़, ताला व भभुआ की घटनाओं में घायलों को हुआ इलाज

प्राथमिक उपचार करने के बाद दो लोग किए गए रेफर, गए वाराणसी

भभुआ। हिन्दुस्तान प्रतिनिधि

जिले में होली के दौरान हुईसड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई हैं, जिन्हे रेफर कर दिया गया है। परिजन उन्हें लेकर इलाज के लिए वाराणसी चले गए। बताया गया है कि सदर थाना क्षेत्र के कुकुराढ़ के पास सफारी गाड़ी की चपेट में आने से भभुआ शहर के वार्ड 10 स्थित छावनी मुहल्ले का राज आलम जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

उधर, अधौरा थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में सलेया गांव के दिनेश सिंह व उपेन्द्र सिंह घायल हो गए। दोनों घायलों को घटना स्थल ताला से भभुआ सदर अस्पताल लाया गया। जानकारी बताते हैं कि चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज कराने के लिए वाराणसी लेकर चले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। तीसरी घटना में भभुआ के प्रियांशु कुमार व बचन राम जख्मी हो गए। इन दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।

फोटो- 30 मार्च भभुआ- 1

कैप्शन- भभुआ थाना क्षेत्र के सफारी गाड़ी से घायल होने के बाद अस्पताल में इलाज कराता पीड़ित।

जहर खाने से हाटा की महिला हुई बेहोश

भभुआ। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा में पारिवारिक विवाद को लेकर एक महिला ने जहर खा लिया, जिससे वह बेहोश हो गई। बेहोश महिला रेखा देवी का इलाज सदर में चल रहा है। हि.प्र.

आग से शहर का एक व्यक्ति झुलसा

भभुआ। शहर के एक मुहल्ले में आग से अचानक एक व्यक्ति झुलस गया। झुलसे व्यक्ति जय राम का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। हि.प्र.

बूंद-बूंद पानी को तरस गए लोग, बिजली आपूर्ति बाधित

हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने के पांच से छह घंटा बाद भी नहीं पहुंचा मिस्त्री

होली में सरकार ने अनवरत रुप से बिजली की आपूर्ती करने का दिया था निर्देश

भभुआ। हिन्दुस्तान संवाददाता

विद्युत बोर्ड के अफसरों की सुस्ती व अनदेखी के कारण शहरवासी काफी परेशान हैं। हेल्पलाइन नम्बर पर शिकायत दर्ज कराने के पांच से छह घंटा बाद भी बोर्ड द्वारा मैकेनिक भेजकर बिजली आपूर्ती दुरुस्त नहीं कराई जा रही है। इस भीषण गर्मी व लू के थपेड़े के बीच विद्युत आपूर्ति ठप होने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। वहीं विभागीय अफसरों की सुस्ती व उदासीनता के कारण लोगों में आक्रोश है। शहर के वार्ड नम्बर 19 के विवेक पाण्डेय ने बताया कि घर के बाहर लगाए गए पोल से दो दिनों से बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। सोमवार को होली के दिन फोन करने पर शिकायत केन्द्र के कर्मियों ने बताया कि मिस्त्री होली खेलने गए हुए हैं।

मंगलवार की सुबह में 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक हेल्पलाइन नम्बर पर करीब 10 से 12 बार फोन किया गया। लेकिन मैकेनिक नहीं पहुंचा। एसडीओ व कार्यपालक अभियंता से शिकायत करने के बाद भी कोई असर नहीं पड़ा। वार्ड 11 के अनिल केशरी व वार्ड 15 के रामपति प्रसाद ने बताया कि मंगलवार की सुबह नौ बजे से ही घर की बिजली गायब है, पोल से बिजली नहीं आ रही है। बोर्ड के हेल्पलाइन नम्बर पर अपनी शिकायत दर्ज कराने के बाद कई बार फोन किया, लेकिन साढ़े चार बजे तक दुरुस्त करने के लिए मिस्त्री नहीं आया।

उक्त लोगों ने बताया कि गर्मी के मौसम में पानी के लिए तरस रहे हैं। यह तो चंद उदाहरण है। जानकार सूत्रों की माने तो बिजली में खराबी आने पर शिकायत दर्ज कराने के चार से पांच घंटा बाद भी बोर्ड द्वारा मिस्त्री भेजकर फाल्ट को ठीक नहीं कराया जा रहा है। इस संबंध में पूछे जाने पर विद्युत बोर्ड के कार्यपालक अभियंता शिवशंकर प्रसाद ने यह कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया कि शहर में फीडर खराब है। सभी मिस्त्री उसी को बनाने में लगे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें