माह के अंतिम शनिवार को होगी अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी
भभुआ में सभी सरकारी विद्यालयों में हर माह के अंतिम शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। फरवरी में होने वाली संगोष्ठी का विषय 'परीक्षा की तैयारी-हमारी साझा जिम्मेदारी' होगा। इसका उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों की प्रगति से अवगत कराना और बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है।

संगोष्ठी में परीक्षा की तैयारी-हमारी साझा जिम्मेदारी विषय पर होगी विशेष चर्चा वार्षिक परीक्षा से पहले अभिभावकों को बच्चों की प्रगति से कराया जाएगा अवगत भभुआ, नगर संवाददाता। राज्य शिक्षा विभाग के निर्देश पर सभी सरकारी विद्यालयों में हर माह के अंतिम शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित होगी। इसको लेकर प्राथमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है। फरवरी माह की संगोष्ठी 2025-26 सत्र की वार्षिक परीक्षा से पूर्व आयोजित होने वाली अंतिम संगोष्ठी होगी। इस बार संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘परीक्षा की तैयारी-हमारी साझा जिम्मेदारी’ निर्धारित किया गया है। संगोष्ठी का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी देना तथा घर पर बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में जागरूक करना है।
शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वह अभिभावकों के साथ परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, पुनरावृत्ति और बच्चों पर अनावश्यक मानसिक दबाव नहीं डालने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा के दौरान छात्र-छात्राएं किसी प्रकार के अतिरिक्त तनाव में न रहें, इसके लिए अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। विद्यालय स्तर पर संगोष्ठी के आयोजन के बाद संबंधित लिंक के माध्यम से इसकी रिपोर्ट ऑनलाइन अपडेट करने का निर्देश भी दिया गया है। शिक्षा विभाग का मानना है कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच समन्वय से ही बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित किए जा सकते हैं। इस पहल से वार्षिक परीक्षा से पहले छात्रों को सकारात्मक माहौल और आवश्यक मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


