विधवा को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म व ठगी का केस
बलिया में एक विधवा ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और पैसे ठगने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि युवक ने शादी का वादा किया लेकिन पैसे मांगकर धोखा दिया। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो युवक ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बलिया, एक संवाददाता। एक विधवा ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और पैसे ठगने का आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। आवेदन में पीड़िता ने बताया कि वह लाखो थाना क्षेत्र की निवासी है। पति की मृत्यु के बाद अपने तीन छोटे बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए बलिया के पास एक नर्सिंग होम में काम करती थी। इसी दौरान उनकी पहचान लखमिनिया गांव निवासी मो. नाजिर से हुई। आरोप है कि मो. नाजिर ने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का झांसा दिया और वर्ष 2020 से लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा।
पीड़िता के अनुसार, जब उसने शादी की बात की तो वह टालमटोल करता रहा और बाद में बहन की शादी का हवाला देकर दो लाख रुपये की मांग की। पीड़िता ने अलग-अलग लोगों से उधार लेकर करीब डेढ़ लाख रुपये उसको दिए। आरोपित ने फरवरी 2026 में शादी करने का भरोसा दिया लेकिन समय बीतने के बाद भी शादी नहीं की। आरोप है कि 25 फरवरी 2026 को जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही, यह भी जानकारी मिली कि आरोपित ने दूसरी शादी कर ली है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


