
बरौनी में जल्द शुरू होगा रोड ओवरब्रिज का निर्माण कार्य: विधायक
गढ़हरा (बरौनी) के विधायक रजनीश कुमार ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए कारगर पहल करने का आश्वासन दिया। जन संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्याओं के निदान के लिए अभियान चलाया जाएगा। शहीद अशोक कुमार राय की स्मृति में द्वार का निर्माण और कई विकास कार्यों का भी वादा किया।
गढ़हरा(बरौनी),एक संवाददाता। क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं के समाधान को लेकर विधायक रजनीश कुमार ने गंभीरता दिखाते हुए इसके लिए कारगर पहल करने की बात कही है। गढ़हरा में जन संवाद के माध्यम से विधायक ने कहा कि बहुत जल्द समस्याओं के निदान को लेकर अभियान चलाएंगे। जल्द ही लोगों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत श्रीलंका युद्ध में शहीद हुए गढ़हरा निवासी शहीद अशोक कुमार राय की स्मृति में समृति द्वार का निर्माण कराया जाएगा। बरौनी नगर परिषद अंतर्गत बारो बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने में शिथिलता बरते जाने पर विधायक ने खेद व्यक्त किया। कहा कि बरौनी नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी और मुख्य पार्षद से पुनः इस ओर ध्यान देने को कहूंगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रारंभिक पाठशाला बारो मध्य विद्यालय को उत्क्रमित करने को लेकर स्थानीय लोग काफी सक्रिय हैं। इसके लिए भी मैं पहल कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि बीहट नगर परिषद अंतर्गत विरखा पोखर गढ़हरा और गढ़हरा बारो सीमा स्थित मैना डोभा पोखर के सौंदर्यीकरण को लेकर भी पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि बरौनी में 7बी रेलवे गुमटी पर ओवरब्रिज बनने की लगभग सभी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बहुत जल्द कार्य आरंभ होगा। गढ़हरा उपस्वास्थ्य केंद्र के समुचित विकास को लेकर पहल करने का आश्वासन दिया। मौके पर प्रमोद सिंह,राकेश कुमार राय,मुक्तेश्वर प्रसाद वर्मा,उमेश राय,सुनील सिंह,कल्याणी देवी आदि थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




