
बसंत उत्सव: श्रद्धालुओं ने किया बसहा का जलाभिषेक
फोटो नं. 08, बरैपुरा बसहा धाम में शुक्रवार को बसंत उत्सव में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़।
वीरपुर, निज संवाददाता। वीरपुर पश्चिम पंचायत के ऐतिहासिक बरैपुरा बसहा धाम में शुक्रवार को बसंत उत्सव मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग व बसहा के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाए। अहले सुबह से ही मंदिर परिसर में शिवभक्तों की भीड़ लग गई जो देर शाम तक जारी रही। इस दौरान हजारों लोगों ने बसहा का जलाभिषेक किया। महिलाओं, बच्चों व युवाओं में मेला को लेकर उत्साह देखा गया। उत्सव में पूरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। भक्ति गीतों से माहौल पूरी तरह शिवमय बना रहा। ग्रामीणों ने बताया कि 1956 से हर साल यहां बसंत पंचमी पर मेला लगता आ रहा है।
बसन्त के महीने में ही यहां 1956 में स्थानीय राजा-रानी तालाब की खुदाई के दौरान दो दर्जन से अधिक पालकालीन मूर्तियां मिली थीं। इसमें शिवलिंग व बसहा की मूर्ति खास थी। ग्रामीणों ने उसी स्थल पर मंदिर बना मूर्ति स्थापित की। तब से यह मंदिर आस्था का केंद्र बन गया। मान्यता है कि बसंत पंचमी के दिन यहां पूजा करने व जल चढ़ाने वालों की मनोकामना पूर्ण होती है। मेला में समाजसेवी व जिला पार्षद प्रतिनिधि रौशन चौरसिया, मुखिया त्रिपुरारी कुमार, समाजसेवी चन्द्रेश्वर प्रसाद सिंह, नीरज सिंह, निरंजन सिंह, विजय कुमार सहनी, सुकुमार सहनी, संजीव कुमार चौधरी, नवल चौधरी आदि मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




