विद्यालय में चहारदीवारी नहीं रहने से परेशानी
मिर्जापुर में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास चहारदीवारी का अभाव है, जिससे बच्चों की सुरक्षा खतरे में है। व्यस्त सड़क के बगल में स्कूल होने के कारण बच्चे सड़क की ओर भागते रहते हैं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका और शिक्षा समिति ने चहारदीवारी निर्माण की मांग की है, लेकिन अभी तक केवल आश्वासन मिला है।

खोदावंदपुर ,निज संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के मिर्जापुर चौक से मसुराज गांव जाने वाली मुख्य पथ के ठीक बगल में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय मिर्जापुर में चहारदीवारी नहीं रहने से बच्चे खतरे के साये में स्कूल जाने आने के लिए विवश हैं। यह सड़क अत्यंत व्यस्त सड़क की श्रेणी में है। इस पथ पर छोटे बड़े वाहनों का हमेशा आना जाना लगा रहता है। सड़क और स्कूल का अहाता एक ही है जिसके कारण बच्चों के साथ किसी भी समय होने वाले खतरे की आशंका से स्कूल के शिक्षक और अभिभावक भयभीत रहते हैं। इस विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी भारती ने बताया कि विद्यालय की घेराबंदी करना अत्यंत आवश्यक है।
स्कूल में चहारदीवारी हो जाने से बच्चे सुरक्षित रहेंगे और पठन पाठन व्यवस्था में व्यवधान भी नहीं होगा। नहीं रहने से बच्चे हमेशा सड़क की तरफ भागते रहते हैं। जिनपर नजर रखने के लिए शिक्षकों को हमेशा सावधान रहना पड़ता है।उन्होंने बताया कि स्कूल में चहारदीवारी निर्माण की मांग को लेकर उनके स्तर से कई बार विभागीय पदाधिकारियों को लिखा गया है। उन्होंने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों से भी चहारदीवारी निर्माण के लिए पहल करने की गुहार लगाई गई है। परन्तु स्कूल में चहारदीवारी निर्माण करवाने के नाम पर केवल आश्वासन ही मिल रहा है। मुख्य सड़क के बगल में स्थित इस स्कूल में चहारदीवारी नहीं रहने से नाराज विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य व खेतिहर मजदूर संगठन के अंचल मंत्री अब्दुल कुद्दुस ने कहा कि यदि विभाग द्वारा शीघ्र ही चहारदीवारी निर्माण के लिए कदम नहीं उठाया जाएगा तो इस समस्या को लेकर वह अपने कार्यकर्ताओं के सड़क पर उतरेंगे। उन्होंने बताया कि चहारदीवारी नहीं रहने से स्कूल में पढ़ने वाले छोटे छोटे बच्चों की जिंदगी खतरे में है। इस संदर्भ में बीडीओ सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा अधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा ने बताया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय मिर्जापुर में चहारदीवारी नहीं रहने से होने वाली समस्याओं की जानकारी उन्हें स्कूल की प्रधानाध्यापिका से मिली है। उन्होंने बताया कि चहारदीवारी निर्माण करवाने की दिशा में उनके स्तर से पहल की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


