
सड़क दुर्घटनाओं में युवक व बुजुर्ग की गई जान
संक्षेप: लीड::::::::::सड़ा थाना क्षेत्र स्थित उदयपुर के युवक की गई जान फोटो नं. 04, गढ़पुरा थाना क्षेत्र सोनमा चौक से गुदार जाने वाली सड़क
बेगूसराय, हिन्दुस्तान टीम। जिले के गढ़पुरा व साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई दुर्घटनाओं में बुजुर्ग समेत दो लोगों की मौत हो गई। साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में रघुनाथपुर गांव के समीप एनएच-31 पर हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि गढ़पुरा प्रखंड की सोनमा पंचायत में हुई दुर्घटना में रोसड़ा थाना क्षेत्र के युवक की मौत हो गई। साहेबपुरकमाल से नि.सं. के अनुसार थाना क्षेत्र में रघुनाथपुर गांव के समीप एनएच-31 पर रविवार रात सड़क हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गयी। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी स्व. बम बहादुर कापर के पुत्र मणिलाल कापर के रूप की गयी।

जानकारी के अनुसार मणिलाल सड़क पार कर रहे थे। इसी क्रम में एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने तेज ठोकर मार दी। ठोकर लगते ही वृद्ध गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसा होते ही मौके पर आसपास मौजूद लोग वृद्ध के बचाव में आगे आये और आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया। वहीं, वृद्ध की मौत की सूचना मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, गढ़पुरा से ए.सं. के मुताबिक प्रखंड क्षेत्र की सोनमा पंचायत में सोमवार को सड़क दुघर्टना में एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। यह घटना सोनमा चौक से गुदार जाने वाली सड़क पर गुदार ढाला के समीप दिन के करीब 11 बजे की है। युवक की पहचान समस्तीपुर के रोसड़ा थाना क्षेत्र के उदयपुर निवासी मो. ज़ुबैर के पुत्र मो. अफताब के रुप में की गई। इस घटना के बारे में बताते हुए मो. अफताब की बाइक के पीछे बैठे लड़के मो. इजराईल ने बताया कि हम अपने दोस्त आफताब के साथ लदैल से सोनमा घूमने आए थे। इधर से जाने के क्रम में गुदार ढाला से करीब 300 मीटर पहले बीच रास्ते पर एक ईंट थी जिस पर बाइक चढ़ने से अनियंत्रित हो गयी। उसी जगह लोजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार की गाड़ी खड़ी थी जिससे युवक की बाइक टकरा गयी और उसके सिर पर गंभीर चोट लग गई। चोट लगने के कुछ मिनट बाद घटनास्थल पर ही मो. अफताब की मौत हो गई। वहीं, घटना के तुरंत बाद बखरी थाना के एसआई छोटन कुमार व एएसआई श्रवण कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक मृत युवक के परिजन उसके शव को लेकर वहां से जा चुके थे। खबर लिखे जाने तक बखरी पुलिस मृत युवक के शव को उसके नानी घर लदैल से अपने कब्जे में लेने के प्रयास में जुटी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




