गन्ना की उन्नत खेती के लिए किसानों को दिया गया प्रशिक्षण
खोदावंदपुर में गन्ना की उन्नत खेती के लिए किसानों को प्रशिक्षण दिया गया। हसनपुर चीनी मिल प्रबंधन ने किसानों को लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। गन्ना सलाहकार ने बताया कि प्लांटर से रोपाई पर किसानों को 1500 रुपए प्रति एकड़ का लाभ मिलेगा। रासायनिक उर्वरक उचित मूल्य पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

खोदावंदपुर ,निज संवाददाता। गन्ना की उन्नत खेती के लिए किसानों को प्रशिक्षण दिया गया। हसनपुर चीनी मिल प्रबंधन के सौजन्य से मगध सुगर एंड एनर्जी लिमिटेड के द्वारा रविवार को बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के किसानों को गन्ना की खेती के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर चीनी मिल प्रबंधन द्वारा गन्ना उत्पादक किसानों के लिए चलाई जा रही लाभकारी योजनाओं एवं दी जा रही सुविधाओं की जानकारी भी किसानों को दी गई। कार्यक्रम में बिहार व उत्तरप्रदेश के गन्ना सलाहकार राजीव वर्मा ने बताया कि प्लांटर से गन्ना रोपाई करने पर किसानों को 1 हजार 500 रुपए प्रति एकड़ का लाभ मिलेगा।
जबकि ट्रेंच या सामान्य विधि से गन्ना की रोपाई करने पर किसानों को 500 रुपए प्रति एकड़ का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि अब गन्ना का पौधा लगाने के खर्च में किसानों को 1 रुपया प्रति पौधा की कमी आएगी। पहले किसानों को पौधशाला से ढाई रुपया प्रति पौधा की दर से पौधा खरीदना पड़ता था। परन्तु इस वर्ष किसानों को मात्र डेढ़ रुपया प्रति पौधा की दर से पौधशाला को देना होगा। चीनी मिल प्रबंधन अपनी ओर से एक रुपया प्रति पौधा की दर से पौधशाला को भुगतान करेगी। गन्ना सलाहकार ने बताया कि गन्ना रोपाई में प्रयुक्त होने वाले रासायनिक उर्वरक उचित मूल्य पर किसानों को चीनी मिल प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 1 मार्च से 15 मार्च की अवधि में गन्ना की रोपाई करने वाले किसानों को गन्ना बीज की कीमत 400 रुपया प्रति क्विंटल के अलावे 40 रुपया प्रति क्विंटल का भुगतान चीनी मिल प्रबंधन द्वारा किया जाएगा। जबकि 16 मार्च से 31 मार्च की अवधि में गन्ना रोपने वाले किसानों को गन्ना बीज की कीमत 400 रुपया प्रति क्विंटल के अलावे 75 रुपया प्रति क्विंटल की दर से भुगतान चीनी मिल प्रबंधन द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल के बाद गन्ना की रोपाई करने वाले किसानों को गन्ना बीज की कीमत 400 रुपए प्रति क्विंटल के अलावे 100 रुपया प्रति क्विंटल की दर से भुगतान चीनी मिल प्रबंधन द्वारा किया जाएगा। गन्ना सलाहकार ने बताया कि एक एकड़ में 8 हजार से 12 हजार गन्ना का पौधा लगाया जा सकता है। इससे प्रति एकड़ 640 क्विंटल गन्ना का उत्पादन हो सकता है। इससे किसानों को काफी लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में उपप्रबंधक गन्ना अतुल कुमार मिश्रा, केन निरीक्षक अनोज कुमार ,क्षेत्र पर्यवेक्षक शिव कुमार आदि ने गन्ना की खेती को किसानों के लिए काफी लाभदायक बताया। मौके पर किसान राजाराम महतो, बाबू प्रसाद महतो, रामबाबू महतो, मोहन यादव, अरुण महतो आदि मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



