नेपाल के काठमांडू से लौट रहे तीन मित्रों की सड़क दुर्घटना में मौत
फोटो नं.12, पशुपतिनाथ दर्शन के पश्चात तस्वीर में बलिया से गए तीनों मित्र।थ के दर्शन के लिए नववर्ष पर दो जनवरी को गये बलिया के तीन दोस्तों की मौत सड़क दुर्घटना में नेपाल में ही हो गई। तीनों युवकों की...

बलिया, एक संवाददाता। नेपाल की राजधानी काठमांडू में स्थित बाबा पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए नववर्ष पर दो जनवरी को गये बलिया के तीन दोस्तों की मौत सड़क दुर्घटना में नेपाल में ही हो गई। तीनों युवकों की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सोमवार को घटना की जानकारी मिलने पर परिजन आनन-फानन में घटनास्थल की ओर निकल पड़े और नेपाल के हेथौडा स्थित सरकारी अस्पताल में पहुंचकर शव की शिनाख्त की। इसके बाद नेपाल पुलिस के द्वारा तीनों युवकों के शव को मंगलवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मंगलवार की देर रात या बुधवार की सुबह तक तीनों के शव बलिया पहुंचने की बात बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान मनसेरपुर पंचायत के सादीपुर करारी निवासी अधिवक्ता रमेश प्रसाद सिंह के 40 वर्षीय पुत्र गिट्टू कुमार उर्फ समरजीत सिंह, नगर परिषद क्षेत्र के बड़ी बलिया निवासी स्व. मोहन दास के 50 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार एवं वर्तमान के बलिया नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत धर्मशाला पोखर निवासी सह पटना के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र के वार्ड 13 गोपीनाथ मंदिर मोहल्ला निवासी लोहा व्यवसायी 45 वर्षीय रजनीश कुमार उर्फ गोल्डन के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि रजनीश कुमार, अरविंद कुमार एवं गिट्टू उर्फ समरजीत सिंह तीनों मित्र नववर्ष के मौके पर बाबा पशुपतिनाथ के दर्शन को लेकर बलिया से एक साथ निकले। वहां 3 जनवरी को बाबा पशुपतिनाथ के दर्शन कर सोशल मीडिया पर फोटो भी शेयर किया था। तीन जनवरी की रात काठमांडू में रहकर तीनों चार जनवरी की सुबह काठमांडू से टाटा सुमो में सवार होकर बीरगंज के लिये निकल गये। चार जनवरी शाम चार बजे तक परिजनों से बातचीत हुई जिसके बाद अचानक सभी का मोबाइल स्वीच आफ बताने लगा। इस दौरान नेपाल के बागमती प्रांत के मकवानपुर जिले अंतर्गत जुडी़खेत गांव के समीप कुलेखानी-काठमांडू सड़क मार्ग पर टाटा सुमो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गयी। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को नेपाल के हेथौडा सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पता चला कि रजनीश कुमार उर्फ गोल्डन एवं अरविंद कुमार सहित गिट्टू उर्फ समरजीत की मौत के साथ अन्य तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों के द्वारा छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया जिसमें बेगूसराय जिला अंतर्गत बलिया के तीनों मित्रों के भी नाम शामिल थे। इस बीच चार जनवरी की शाम 4 बजे के बाद परिजनों का संपर्क टूट जाने से परिजन चिंतित हो गये। रात भर संपर्क नहीं होने पर 5 जनवरी सोमवार को परिजन नेपाल के समाचार पत्र एवं सोशल मीडिया पर खोजबीन शुरू की जिससे इस दुर्घटना का पता परिजनों को चल सका। इसके बाद तीनों के परिजन नेपाल के लिये रवाना हो गये।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


