पशुपालन को बनाएं लाभकारी व्यवसाय: रविंद्र
किसान संगोष्ठी सह पशु मेला का हुआ भव्य आयोजन... मेले में किसानों द्वारा अपने पशुओं का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वा

बरौनी, निज संवाददाता। बरौनी डेयरी के तत्वावधान में रामपुर कचहरी दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति परिसर में बुधवार को किसान संगोष्ठी सह पशु मेला का आयोजन किया गया। मेले में किसानों द्वारा अपने पशुओं का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले किसानों को नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रबंध निदेशक रविन्द्र कुमार ने पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में अपनाने पर बल दिया। साथ ही किसानों को दो गाय व एक भैंस पालन मॉडल अपनाने की सलाह भी दी गई ताकि दुग्ध उत्पादन व आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। संगोष्ठी के दौरान किसानों को सेक्स सॉर्टेड सीमेन, कृत्रिम गर्भाधान सेवाएं, तकनीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम व सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही बेहतर नस्ल के पशुओं के विकास व उत्पादकता वृद्धि में इन सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही पशुओं के संतुलित व वैज्ञानिक पोषण को लेकर शीघ्र शुरू होने वाली टीएमआर व्यवस्था की जानकारी दी गई। इसके लाभों तथा पशुओं के स्वास्थ्य व दुग्ध उत्पादन पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा वर्तमान व आगामी सरकारी योजनाओं के साथ साथ पशुपालकों के लिए उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं पर भी फोकस किया गया। खासकर किसानों को पशु एम्बुलेंस सेवा के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। साथ ही,आवश्यकता पड़ने पर इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।विदित हो कि इस किसान संगोष्ठी सह पशु मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक पशुपालन तकनीकों, उन्नत प्रजनन सेवाओं, संतुलित पशु आहार, सरकारी योजनाओं व डेयरी विकास कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान कर दुग्ध उत्पादन व किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित कराना था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


