
प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में झोंकी अपनी पूरी ताकत
संक्षेप: खोदावंदपुर में 6 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार की समय सीमा समाप्त होने को है। चेरियाबरियारपुर क्षेत्र में मुख्य रूप से महागठबंधन के सुशील कुशवाहा, जन सुराज के डॉ मृत्युंजय कुमार और एनडीए के अभिषेक कुमार के बीच त्रिकोणात्मक लड़ाई हो रही है। परिणाम 14 नवंबर को आएंगे।
खोदावंदपुर,निज संवाददाता। आगामी 6 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में मात्र 3 दिन बचे हैं। चुनाव प्रचार की समय सीमा खत्म होने में मात्र कुछ घंटे शेष रह गए हैं। इस परिस्थिति में प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में अपनी सारी ताकत झोंक दी है। चेरियाबरियारपुर विधानसभा क्षेत्र से मुख्य रूप से तीन चर्चित प्रत्याशियों के बीच त्रिकोणात्मक लड़ाई के आसार बताया जा रहा है। जिनमें महागठबंधन से सुशील कुशवाहा हैं जो मूल रूप से खगड़िया जिला के रहने वाले हैं और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह के पुत्र हैं। ये पेशे से वकालत करते हैं। जबकि जन सुराज से डॉ मृत्युंजय कुमार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े डॉ मृत्यंजय कुमार जनता का नब्ज टटोलने में अपनी ताकत लगा रहे हैं। सुशील कुमार एवं डॉ मृत्यंजय कुमार बिहार में बदलाव का आह्वान कर लोगों से अपना आशीर्वाद मांग रहे हैं। जबकि एन डी ए के प्रत्याशी व तकनीकी शिक्षा से जुड़े अभिषेक कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के डबल इंजन की सरकार के कार्यकाल में बिहार में चौमुखी विकास होने की बात बताकर जनता से अपने लिए आशीर्वाद मांग रहे हैं। इस विधानसभा क्षेत्र से राजद के बागी नेता राम सखा महतो महागठबंधन से बाहरी उम्मीदवार होने एवं इसका विरोध करते हुए अपने लिए मतदाताओं से आशीर्वाद मांग रहे हैं। चेरियाबरियारपुर विधानसभा क्षेत्र का चुनावी जंग काफी दिलचस्प माना जा रहा है। जीत का सेहरा किसके सिर पर होगा यह तो आगामी 14 नवंबर को मतगणना परिणाम से पता चल सकेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




