
सिमरिया धाम में बनाया गया अस्थायी रैन बसेरा
सिमरिया धाम में श्रद्धालुओं के लिए ठहरने की व्यवस्था न होने से परेशानियों को देखते हुए बीहट नगर परिषद ने 25 बेड का अस्थायी रैन बसेरा बनाया है। इसमें 9 बेड महिलाओं और 16 बेड पुरुषों के लिए हैं। रैन बसेरा में बिजली, स्वच्छ पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और बिस्तर की व्यवस्था की गई है।
सिमरिया धाम, एक संवाददाता। सिमरिया धाम में गंगा स्नान समेत अन्य धार्मिक अनुष्ठान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं होने से हो रही परेशानी के मद्देनजर बीहट नगर परिषद की ओर से 25 बेड के अस्थायी रैन बसेरा का निर्माण किया गया है। सिमरिया धाम स्थित राजेन्द्र पुल स्टेशन के सामने कुंभ द्वार के समीप बनाए गए रैन बसेरा में कुल 25 बेड में नौ सीट महिलाओं के लिए जबकि 16 बेड पुरुष के लिए बनाया गया है। रैन बसेरा में लोगों के सोने के लिए अलग-अलग 25 बेडशीट के अलावा तकिया व ओढ़ने के लिए कंबल की भी व्यवस्था की गई है।
यहां 24 घंटे बिजली के अलावा स्वच्छ पेयजल के साथ ही मोबाइल चार्ज करने की भी व्यवस्था की गई है। इसी सप्ताह शुरू किए गए रैन बसेरा अगले दो माह यानी ठंड के मौसम तक संचालित होने की बात बताई गई है। विदित हो कि आदि कुंभस्थली सिमरिया धाम में गंगा स्नान, मुंडन संस्कार, शव के अंतिम संस्कार समेत अन्य धार्मिक अनुष्ठान के लिए देश के विभिन्न हिस्से से लोग यहां पहुंचते हैं। बताया गया है कि राजेन्द्र पुल रेलवे स्टेशन व सिमरिया गोलंबर के समीप बनाए गए रैन बसेरा में देर रात ट्रेन से उतरने वाले लोगों के लिए भी यहां ठहरने में सुविधा होगी। स्थानीय लोगों ने रैन बसेरा के समीप अस्थायी शौचालय निर्माण करवाने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




