Tejashwi Yadav Promises 1 Million Jobs for Youth if Mahagathbandhan Wins Bihar Elections मेरी उम्र है कच्ची पर जुबान है पक्का, हर डिग्रीधारी को देंगे नौकरी : तेजस्वी , Begusarai Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsBegusarai NewsTejashwi Yadav Promises 1 Million Jobs for Youth if Mahagathbandhan Wins Bihar Elections

मेरी उम्र है कच्ची पर जुबान है पक्का, हर डिग्रीधारी को देंगे नौकरी : तेजस्वी

हवाई मार्ग से पहुंचे हांसपुर हेलिपेड, सड़क मार्ग से पहुंचे मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के बागडोब मध्य विद्यालय

Newswrap हिन्दुस्तान, बेगुसरायFri, 26 Sep 2025 07:52 PM
share Share
Follow Us on
मेरी उम्र है कच्ची पर जुबान है पक्का, हर डिग्रीधारी को देंगे नौकरी : तेजस्वी

बेगूसराय, निज प्रतिनिधि। बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता व पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारी उम्र भले ही कच्ची है पर जुबान पक्की है। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो 10 लाख नौजवानों को नौकरी देंगे। जिनके पास डिग्री है वह बेरोजगार नहीं होगा। हर घर में नौजवान को नौकरी देंगे। वे मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के बागडोव गांव में शुक्रवार को आयोजित राष्ट्रीय जनता दल जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा का चुनाव आने वाला है। इसलिए आपको एकजुट रहना है। गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई व घूसखोरी हमारा दुश्मन है। होम डिलीवरी शराब की बिक्री हो रही है।

उन्होंने कहा कि आपलोग चाहते हैं कि नया बिहार बने। बेरोजगारी दूर हो। नौकरी मिले। घुसखोरी रुके। तो सरकार बदलने का संकल्प लीजिए। इस पर मौजूद लोगों ने तेजस्वी का ताली बजाकार गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। राजद नेता ने कहा कि बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। बेरोजगारी चरम पर है। अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए नीतीश सरकार को बदलने की जरूरत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नीतीश सरकार के पास बिहार को बेहतर बनाने के लिए कोई विजन नहीं है। वे हमारे विजन का नकल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने के बाद पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई कार्रवाई पर जोर होगा। कार्यक्रम में पहुंचने के लिए वे हवाई मार्ग से मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के हांसपुर उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित हेलीपेड पर पहुंचे। वहां सड़क मार्ग से बागडोब मध्य विद्यालय परिसर स्थित राजद की ओर से आयोजित जनसभा में पहुंचे। भीषण गर्मी के बाद भी उन्हें देखने व सुनने के लिए हजारों की भीड़ डटी रही। मंच पर पहुंचने के बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों को हाथ हिलाकर अभिवादन किया। मटिहानी के पूर्व विधायक व अब राजद नेता नरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने प्रतिपक्ष नेता को फूल के मोटे हार से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उसके बाद बोगो सिंह ने प्रतिपक्ष नेता को सोने का मुकुट पहनाकर राज्याभिषेक किया। तेजस्वी हजारों की जमा भीड़ देख गदगद दिखे। उन्होंने कहा कि आपलोगों ने इस उमस भरी गर्मी के बाद भी घंटों हमारा इंतजार करते रहे। इसके लिए हम आपका दिल से अभारी हैं। उन्होंने अपने 15 मिनट के भाषण में चार बार बोगो सिंह का नाम लिया कि वे राजद में शामिल हुए हैं हम उनका स्वागत करते हैं। मटिहानी में दोबारा फिर आएंगे। संचालन जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने किया। राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल, पूर्व विधान पार्षद डॉ. तनवीर हसन, महानगर जिलाध्यक्ष शिवजी महतो, पूर्व विधायक पुष्पम, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष रीना जायसवाल, अजय चंद्रवंशी आदि ने भी अपने विचार रखे। मंझौल में शहीद नित्यानंद की प्रतिमा का किया अनावरण मंझौल/ चेरिया बरियारपुर। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने शुक्रवार को मंझौल में शहीद नित्यानंद की प्रतिमा का अनावरण किया। मूर्ति अनावरण के क्रम में राजद कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष के ऊपर जेसीबी से फूलों की वर्षा की। जनसभा के लिए शताब्दी मैदान जाने के पूर्व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने समाजवादी नेता डा. मेघन गोप के तेल चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इसके बाद जनसभा में उन्होंने 20 वर्ष के इस खटारा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। कानून व्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं है। बिहार में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। युवा दर-दर की ठोकर खा रहे हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट है। मरीज इधर-उधर भटक रहे हैं। उनका इलाज सही से नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा शहीद नित्यानंद साह जी की मूर्ति के अनावरण के लिए समय निकालकर हम आए हैं। बहुत दिनों से यह काम रुका हुआ था। चेरिया बरियारपुर के विधायक राजवंशी महतो जी ने मुझसे कहा तो मैं समय निकाला और आज इसका अनावरण किया गया। इसके अलावा नेता रिमोट से खोदाबंदपुर में कर्पूरी ठाकुरजी की मूर्ति का भी अनावरण किया। राजद की राष्ट्रीय महासचिव (महिला प्रकोष्ठ) संजू प्रिया ने कहा कि इस बार महिलाएं बदलाव के लिए पूर्णतः तैयार हैं। एनडीए के झांसें में नहीं आने वाली हैं। जब महागठबंधन की सरकार बनेगी तो पढ़ाई, कमाई, दवाई पर काम किया जाएग। अपराध, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जाएगा। सभा का संचालन एमएलसी उर्मिला ठाकुर ने किया। मौके पर पार्षद मीना देवी, राजद व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष बूटन साह ने चांदी का मुकुट पहनाकर प्रतिपक्ष नेता को सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त चेरियाबरियारपुर के पूर्व प्रत्याशी सावित्री देवी ने भी चांदी का मुकुट पहनाकर नेता प्रतिपक्ष को सम्मानित किया। मौके पर विधायक ललन यादव, विधायक सूर्यकांत पासवान, अलौली के विधायक रामवृक्ष सदा, विधायक राजवंशी महतो, पूर्व विधायक उपेंद्र पासवान, धर्मेंद्र कुशवाहा, रामसखा महतो, सावित्री देवी, इंद्रदेव सिंह कुशवाहा, संजय सुमन अनुराग सिंह, ब्यूटी कुमारी, ब्रजनंदन यादव आदि मौजूद थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।