जहानपुर के शिक्षकों ने बीआरसी में दर्ज कराई हाजिरी
बुधवार को लोहे के ग्रिल से दबकर छात्र की हुई मौत के बाद गुरुवार को ग्रामीणों के डर से कोई भी शिक्षक नहीं पहुंचे स्कूल

बछवाड़ा, निज संवाददाता। मध्य विद्यालय जहानपुर में एक दिन पूर्व बुधवार को लोहे के ग्रिल से दबकर छात्र की हुई मौत के बाद गुरुवार को ग्रामीणों के डर के मारे कोई भी शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचे। शिक्षकों के स्कूल नहीं पहुंचने के कारण गुरुवार को स्कूल में ताला बंद रहा।
शिक्षकों की हाजिरी
इस विद्यालय के सभी शिक्षकों ने गुरुवार की सुबह 7 बजे बीआरसी कार्यालय में अपनी हाजिरी दर्ज कराई। घटना के बाद बुधवार की शाम करीब 5:00 बजे स्कूल के प्रधानाध्यापक अमित कुमार व कंप्यूटर शिक्षक अवनीश कुमार को ग्रामीणों की उग्र भीड़ से बचाते हुए पुलिस अपने साथ थाने ले गई। उक्त दोनों शिक्षकों को स्कूल से बाहर निकालने के दौरान उग्र लोगों ने पुलिस के साथ भी हाथापाई शुरू कर दी थी।
जिला शिक्षा अधिकारी का निर्णय
इधर, जिला शिक्षा अधिकारी ने मध्य विद्यालय जहानपुर में छठी कक्षा के छात्र विवान राज उर्फ मुन्ना की हुई मौत मामले में अमित कुमार को निलंबित कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि प्रथम दृश्यट्या एचएम अमित कुमार की लापरवाही के कारण उक्त घटना घटित हुई है। उन्होंने बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 कंडिका- 9 के तहत तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बेगूसराय निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें प्रखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बेगूसराय द्वारा प्रदत्त अनुपस्थिति विवरणी के आधार पर जीवन यापन भत्ता देय होगा।
राजद का बयान
मौत के जिम्मेवार व्यक्तियों पर हो हत्या की प्राथमिकी: राजद बछवाड़ा। मध्य विद्यालय जहानपुर में बुधवार को लोहे के ग्रिल से दबकर छठी कक्षा के छात्र विवान राज उर्फ मुन्ना कुमार की हुई दर्दनाक मौत मामले में गुरुवार को राजद जिला अध्यक्ष मोहित यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की टीम ने पीड़ित परिवार से मिलकर मामले की जांच की। राजद जिलाध्यक्ष ने कहा कि स्कूल परिसर में भवन निर्माण करवा रहे संवेदक द्वारा खिड़कियों का ग्रिल असुरक्षित तरीके से वर्ग में रखा जाना पूरी तरह गलत था। उन्होंने छात्र के मौत मामले में प्रधानाध्यापक व बीईओ को भी जिम्मेवार ठहराते हुए सभी दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग प्रशासन से की है। राजद जिलाध्यक्ष ने मृत छात्र के परिजन को 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग बिहार सरकार से की है। टीम में युवा राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष कुमार रुपेश यादव, राजद जिला सचिव अरुण यादव, जिला प्रवक्ता श्याम प्रसाद दास, प्रखंड अध्यक्ष सुनील यादव, पूर्व मुखिया फूल कुमारी, महफूज आलम, उपेंद्र यादव, मोहम्मद अख्तर आदि थे। रिपोर्टर:उदय कुमार राय
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


