नाट्य रंग महोत्सव के दूसरे दिन नाटक ‘तिनिता रंगीन पाखिला’ का हुआ मंचन
फोटो नं.11, शहर के दिनकर कला भवन में आस्था वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय नाट्य रंग महोत्सव में शुक्रवार की रात असम से आए वर्णम विश्वनाथ चार्ली नाट्य दल द्वारा नाटक ‘तिनिता रंगीन...

बेगूसराय, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि।आस्था वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित चार दिवसीय आठवें राष्ट्रीय नाट्य रंग महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार की रात असम से आए वर्णम विश्वनाथ चार्ली नाट्य दल द्वारा ‘तिनिता रंगीन पाखिला’ नाटक का सफल मंचन किया गया। इस नाटक की प्रस्तुति ने दर्शकों को गहरे भावबोध और सामाजिक संदेश से रूबरू कराया। ‘तिनिता रंगीन पाखिला’ का अर्थ ‘तीन रंगीन तितलियां’ है, जिसके माध्यम से मानव जीवन के छिपे पहलुओं और सामाजिक मुखौटों की कहानी को प्रतीकात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटक की कथा तीन मित्रों जय, अमूल्य और विरिंचिक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो स्कूल और कॉलेज तक साथ पढ़ते हैं, लेकिन आगे चलकर जीवन की अलग-अलग राहों पर निकल जाते हैं।
जय एक सफल प्रशासनिक अधिकारी बनता है, विरिंचिक प्रतिष्ठित वकील और अमूल्य क्लास वन ठेकेदार बन जाता है। वर्षों बाद अमूल्य के घर तीनों मित्रों की मुलाकात होती है, जहां पार्टी के दौरान उनकी बातचीत धीरे-धीरे व्यक्तिगत जीवन के उन पहलुओं को उजागर करने लगती है, जिन्हें वे समाज से छिपाकर रखते हैं। नाटक में तितली के जीवन चक्र को प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें अंडे से लार्वा, फिर कोकून और अंततः तितली बनने की प्रक्रिया के जरिए यह संदेश दिया गया कि हर व्यक्ति अपने भीतर कई सच्चाइयों को छिपाकर सामाजिक छवि बनाए रखता है। परिस्थितियों के बदलने पर यही सच्चाइयां उजागर होकर व्यक्ति के वास्तविक स्वरूप को सामने लाती हैं। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से इस गूढ़ विषय को प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध होकर नाटक का आनंद लेते रहे। यह नाटक प्रसिद्ध रंगकर्मी पंकज ज्योति भुया द्वारा लिखित तथा कुशल रेखा के निर्देशन में तैयार किया गया। मंचन में कलाकार कुशल डेका, भास्कर तालुकदार और प्रतिम हजारिका ने अपने उत्कृष्ट अभिनय से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। वहीं संगीत संयोजन मिलन दास तथा प्रकाश परिकल्पना तापन गोस्वामी द्वारा किया गया, जिसने प्रस्तुति को और अधिक जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि श्याम सहनी तथा आस्था परिवार के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




