आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, जिले में बिजली के लिए मचा रहा हाहाकार

हिन्दुस्तान, बेगुसराय
Follow us on Google News
share

लीड... तेज हवाओं के कारण कई जगह बिजली के पोल, तार और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए जिससे रात करीब एक बजे

आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, जिले में बिजली के लिए मचा रहा हाहाकार

हिंदुस्तान प्रतिनिधि, बेगूसराय। मंगलवार की देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जिले की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा दिया। तेज हवाओं के कारण कई जगह बिजली के पोल, तार और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए जिससे रात करीब एक बजे से बुधवार सुबह 10 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इस कारण शहर समेत गांवों में बिजली के लिए हाहाकार मचा रहा। इस दौरान बिजली बहाल करने के लिए विभागीय कर्मियों और अधिकारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर बाद जाकर अधिकतर इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी। बिजली कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 440 वोल्ट लाइन के करीब 180 पोल क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, 33 हजार और 11 हजार केवी लाइन में 119 पोल टूट गए। इसके अलावा करीब 10 ट्रांसफार्मर और कई किलोमीटर बिजली तार भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इधर, बिजली आपूर्ति बाधित रहने से शहरवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बिजली आपूर्ति में परेशानी

लोहियानगर निवासी गृहणी मालती श्रीवास्तव और भारती वर्मा ने बताया कि सुबह पानी की टंकियां खाली हो जाने से संकट झेलना पड़ा। खाना बनाने और घर की साफ-सफाई में दिक्कतें आईं। वहीं दफ्तर जाने और स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ी। बिजली कपनी के विद्युत अधिक्षण अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि आंधी के तुरंत बाद से ही विभागीय कर्मियों को मरम्मत कार्य में लगा दिया गया था। कई अधिकारी खुद भी विभिन्न स्थलों पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी करते रहे। लगातार प्रयास और युद्धस्तर पर चलाए गए मरम्मत अभियान के बाद दोपहर तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

बरौनी में आंधी व तूफान से विद्युत आपूर्ति बाधित

बरौनी। बरौनी शहरी व ग्रामीण इलाकों में मंगलवार की देर रात आयी आंधी-तूफान के कारण बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश के कारण विद्युत उपकेंद्र बगराहा डीह के शहरी व ग्रामीण फीडर की बिजली आपूर्ति मंगलवार की रात लगभग दो बजे से ही बाधित बनी है। इससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।शहरी क्षेत्र में पेयजल व मोबाइल चार्जिंग की भी समस्या खड़ी हो गई है। विद्युत कर्मियों की टीम क्षतिग्रस्त तार व पोल को दुरुस्त करने में लगे हुए हैं। विधुत कार्यपालक अभियंता बरौनी रंजन कुमार देव ने बताया कि तेज आंधी बारिश के कारण संचालन लाइन के कई तारों पर पेड़ व टहनियां व पोल गिर जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित बनी है।बुधवार के अहले सुबह से ही कर्मचारियों द्वारा पेट्रोलिंग कर संचरण लाइन चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है। अबिलंब ही विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी।

बीहट में बिजली बाधित

करीब 12 घंटे बिजली रही बाधित बीहट, निज संवाददाता। मंगलवार की देर रात आये आंधी की वजह से बरौनी अंचल तथा बीहट नप क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। करीब 12 घंटें तक बिजली बाधित रही। अहले सुबह से ही बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मी गतिरोध को दूर कर बिजली आपूर्ति शुरू करने की दिशा में डटे थे। कई जगहों पर तार पर पेड़ का टहनी टूटकर गिरने से बिजली बाधित हो गई। करीब 12 धंटें के बाद बीहट में बिजली आपूर्ति शुरू हुआ। घंटों बिजली बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत आपूर्ति प्रशाखा बीहट के जेई सुकीर्ति रंजन ने बताया कि कइ जगहों पर बिजली के तार टूटक र गिरने की वजह से घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहा। कई जगहों पर पोल तथा ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हुए। दिनभर पेड़ों की छटाई का काम चला। टूटे तार व पोल को दुरूस्त कर बिजली आपूर्ति शुरू की गई। मल्हीपुर चौक से लेकर चकिया विश्वकर्मा मंदिर तक बिजली का तार टूटकर गिर जाने की वजह से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रहा।

सामान्य प्रश्न

तेज आंधी और बारिश से कितनी देर बिजली आपूर्ति बाधित रही?
करीब 12 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।