संपत्ति कर के बकायेदारों के खिलाफ नोटिस जारी कर वसूली को चलेगा विशेष अभियान
लीड पेज 4:::::::::कारगिल भवन में शुक्रवार को नगर निकाय की योजनाओं व राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिया निर्देश

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में जिले के सभी नगर निकायों (नगर निगम एवं नगर परिषद) की ओर से संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं तथा राजस्व संग्रहण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य रूप से संपत्ति कर की वसूली, जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति, नक्शा स्वीकृति, सफाई व्यवस्था तथा मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान नगर निगम बेगूसराय की ओर से माह फरवरी 2026 तक संपत्ति कर के मद में कुल 918.66 लाख रुपये की वसूली की जानकारी दी गई। इस पर जिलाधिकारी ने राजस्व संग्रहण की गति बढ़ाने का निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को बकायेदारों के विरुद्ध नोटिस जारी कर विशेष अभियान चलाने को कहा।
नगर परिषद बलिया की ओर से संपत्ति कर के मद में 94.69 लाख रुपये की वसूली की गई है। यह निर्धारित लक्ष्य से अधिक है। वहीं नगर निगम बेगूसराय की ओर से सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाकर 82,500 रुपये तथा अतिक्रमण शुल्क के रूप में 1,60,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। बीहट स्थित शवदाह गृह को क्रियाशील करने का दिया निर्देश बैठक में जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि नगर परिषद तेघड़ा, बखरी एवं बीहट के सभी वार्डों में नल-जल योजना के तहत जलापूर्ति संचालित है। बीहट क्षेत्र में रखरखाव से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने बुडको के प्रतिनिधियों को आवश्यक सुधार करते हुए निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना (2024-25) के अंतर्गत जिले में कुल 46 योजनाएं में से 26 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। 20 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। वार्ड संख्या 42, 31, 40 एवं 04 में पीसीसी सड़क निर्माण के कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण पाए गए। इसके अतिरिक्त नमामि गंगे एवं अमृत योजना के तहत सीवरेज नेटवर्क का लगभग 94.26 किलोमीटर कार्य पूर्ण किया जा चुका है। बीहट स्थित शवदाह गृह का निर्माण कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूर्ण है। इसे शीघ्र क्रियाशील करने का निर्देश दिया गया। नगर निगम बेगूसराय में प्राप्त 144 नक्शों में से 122 को स्वीकृति नक्शा स्वीकृति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि नगर निगम बेगूसराय में प्राप्त 144 नक्शों में से 122 को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। शेष आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्धारित 30 दिनों की समय सीमा के भीतर सभी लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, लोहिया स्वच्छता अभियान के अंतर्गत उपलब्ध राशि का उपयोग करते हुए नगर क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सफाई कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा गीला एवं सूखा कचरा पृथक्करण की व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने का निर्देश दिया गया। बैठक में नगर निगम के नगर आयुक्त, सभी नगर निकायों के कार्यपालक अधिकारी एवं बुडको के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


