पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन सोनपुर मंडल की इकाई अपने रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के कल्याण के लिए हमेशा तत्पर रही है। संगठन ने वर्तमान वैश्विक महामारी में रेल कर्मचारियों की सेवा सहायता हेतु एक बार पुन: अपने सेवा भाव का परिचय दिया है। मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा अनीता गुप्ता की पहल पर महिला कल्याण संगठन सोनपुर इकाई द्वारा मंडलीय रेलवे चिकित्सालय सोनपुर व उपमंडलीय रेलवे चिकित्सालय गढ़हरा को 20 इलेक्ट्रिक केतली की प्रदान की है। यह सहायता कोविड-19 संक्रमित रोगी रेल कर्मियों व उनके परिवारजनों की सेवा व सहायता के लिए दी गई है। इससे उन्हें चिकित्सा के दौरान गरम पानी एवं काढ़े आदि के सेवन में सुविधा हो सके।
मंडल चिकित्सालय सोनपुर में ड्यूटी पर कार्यरत चिकित्सक डॉ. सोनी प्रिया व चीफ मेट्रन एवं स्टाफ नर्स की उपस्थिति में इन सामानों की आपूर्ति सहायता के रूप में की गई। मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा ने रेलवे चिकित्सकों के नाम संगठन की ओर से जारी अपने संदेश में कहा कि महिला कल्याण संगठन अपने कर्मचारी व उनके परिवारजनों की सेवा व सहायता के लिए हमेशा तत्पर रही है और आगे भी आवश्यकतानुसार उनकी सेवा में उपस्थित रहेगी।