Begusarai News: डीएम के जनता दरबार में समस्याओं के समाधान के लिए 85 लोगों ने दिये आवेदन
Begusarai News: बेगूसराय में डीएम रिची पांडेय की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दरबार में नागरिकों ने अपनी समस्याएँ और शिकायतें दर्ज कीं, जिसमें कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए।

Begusarai News: बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में डीएम रिची पांडेय की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं तथा शिकायतों के समाधान के लिए जिला पदाधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए। जनता दरबार में आज रिकॉर्ड 85 आवेदन प्राप्त हुए। डीएम ने सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित लाभुकों से मुलाकात की एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही, संबंधित आवेदकों को उनके मामले में की जा रही कार्रवाई एवं प्रगति की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। जनता दरबार में उपस्थित आवेदकों एवं उनकी समस्याओं से संबंधित प्रक्रिया का जिला प्रशासन के फेसबुक माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों तक जनता दरबार की व्यवस्था एवं इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी पहुंचाना तथा आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस सुविधा का लाभ उठाने हेतु प्रेरित करना था।


