
वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के विरोध में निकाला प्रतिरोध मार्च
बेगूसराय में भाकपा माले, जन संस्कृति मंच, आइसा और ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर हमले के खिलाफ एक प्रतिरोध मार्च निकाला। मार्च में डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया गया और वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सुरक्षा की मांग की गई।
बेगूसराय, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि।अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर किए गए हमले के विरोध में भाकपा माले, जन संस्कृति मंच (जसम), आइसा और ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के संयुक्त आह्वान पर मंगलवार को प्रतिरोध मार्च निकाला गया। यह मार्च कमलेश्वरी भवन से निकल शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचा। यहां पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया गया। भाकपा माले के जिला सचिव सह राज्य कमिटी सदस्य दिवाकर प्रसाद ने कहा कि अमेरिकी साम्राज्यवादी रुख के तहत वेनेजुएला के निर्वाचित राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया मादुरो पर हमला कर उनका अपहरण किया जाना शर्मनाक और आतंकी कृत्य है।
उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि वह ट्रंप प्रशासन की इस कायराना साम्राज्यवादी कार्रवाई के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराए। नवल किशोर सिंह ने इसे दुनिया के संविधान और लोकतंत्र विरोधी कार्रवाई करार देते हुए निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को सम्मानपूर्वक अविलंब मुक्त करने की मांग की। जसम के राज्य सचिव दीपक सिन्हा ने कहा कि अमेरिका सभ्यता और मानवाधिकारों के नाम पर संप्रभु देशों पर हमले करता रहा है, जो उसकी तथाकथित सभ्यता की बेहूदगी को उजागर करता है और इतिहास का काला अध्याय है। माले नगर सचिव राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन संघर्षशील वेनेजुएला की जनता के साथ एकजुटता जाहिर करता है और दुनिया भर में साम्राज्यवादी नीतियों के खिलाफ प्रगतिशील आवाम के साथ खड़ा है। कार्यक्रम में आइसा के सोनू फरनाज, एहतेशाम अहमद, डॉ. अखलाख अहमद, शिक्षाविद राजाराम आर्य सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। मौके पर पार्टी नेता रामकुमार तांती, संजय ठाकुर, कौशल पंडित, गजेंद्र पंडित, सैफ नवाब आदि थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




