फोरलेन एनएच-31 पर रोजाना गिर रहे फ्लाई ऐश स्थिति जानलेवा
छाई से एक ओर बाइक चालक सड़क हादसे का शिकार हो रहे तो दूसरी ओर विभिन्न बीमारी की चपेट में आ रहे लोग

सिमरिया धाम, एक संवाददाता। इन दिनों सिक्सलेन सड़क पुल से लेकर बरौनी जीरोमाइल तक फोरलेन एनएच-31 सड़क पर फ्लाई ऐश (छाई) उड़ने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। चकिया निवासी अवधेश राय, कसहा निवासी अजित कुमार ने बताया कि सड़क पर ओवरलोडेड हार्इवा ट्रकों के बेरोकटोक आवागमन होने से फोरलेन एनएच-31 पर छाई गिर रही छाई से लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक ओर खासकर बाइक व साइकिल चालक फिसलने से सड़क हादसे का शिकार हो रहे हैं तो दूसरी ओर तेज रफ्तार से वाहन चलने के दौरान उड़ रही छाई से लोग टीबी व दमा समेत विभिन्न बीमारी की चपेट में आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि औंटा-सिमरिया सिक्सलेन सड़क पुल चालू होने के बाद से फ्लाई ऐश लदे क्षमता से दोगुना ओवरलोडेड हाईवा ट्रकों के परिचालन के दौरान इससे गिरने वाली छाई लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। इस मामले में संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी चुप्पी साध रखी है जबकि रोजाना केवल सिमरिया सिक्सलेन सड़क पुल से बरौनी जीरोमाइल तक फोरलेन एनएच-31 सड़क पर सैकड़ों टन फ्लाई ऐश गिर रहा है। इसमें ओवरलोडेड ट्रक से छाई गिरने के साथ-साथ ट्रक से पानी के साथ भी छाई गिरता है जिससे काफी प्रदूषण फैल रहा है। विदित हो कि बाढ़ व बरौनी एनटीपीसी से निकलने वाली फ्लाई ऐश मिट्टी की अपेक्षा सस्ता होने की वजह से बेगूसराय के अलावा पड़ोसी जिले समस्तीपुर, खगड़िया, सहरसा, मुजफ्फरपुर, वैशाली समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बनने वाली सड़क के साथ-साथ गड्ढे को भरने के लिए इसका उपयोग काफी हो रहा है। इन दिनों छाई लदे अधिक ट्रकों का आवागमन होने से फोरलेन एनएच-31 किनारे स्थित चकिया, थर्मल चौक, मल्हीपुर चौक, बीहट व सिमरिया धाम के लोग काफी प्रभावित हो रहे हैं। इस मामले में प्रदूषण व परिवहन विभाग भी मौन साधे हुए है। कहते हैं अधिकारी एनएचएआई के परियोजना निदेशक अभिषेक ने बताया कि फ्लाई ऐश की ढुलाई के दौरान किसी भी तरह से छाई सड़क पर नहीं गिरे, इसको लेकर एनटीपीसी को कहा गया है। चकिया में निर्माणाधीन आरओबी के पास सड़क किनारे जमा छाई को हटाने के साथ-साथ फिर यहां छाई नहीं गिरे, इसको लेकर पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि बरौनी जीरोमाइल दिनकर गोलंबर के समीप चल रहे कार्य को लेकर सड़क किनारे फ्लाई ऐश रखा गया है। उक्त फ्लाई ऐश उड़कर ही हर जगह फैल रहा है। इस पर कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन से कहा गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


