
एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में एक कुख्यात को लगी गोलियां
प्रादेशिक.... शुक्रवार की देर शाम थाना क्षेत्र के शालीग्रामी गांव स्थित मध्य विद्यालय के समीप गुप्त सूचना के आधार पर एक बदमा
साहेबपुरकमाल, निज संवाददाता। शुक्रवार की देर शाम थाना क्षेत्र के शालीग्रामी गांव स्थित मध्य विद्यालय के समीप गुप्त सूचना के आधार पर एक बदमाश को दबोचने को लेकर एसटीएफ व स्थानीय थाना पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई के दौरान बदमाशों व पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गयी। दोनों तरफ से करीब आधा दर्जन गोलियां चली। इसमें आत्मरक्षार्थ पुलिस के द्वारा चलायी गयी दो गोलियां एक बदमाश के पैर में लग गयी। इससे वह जख्मी हो गया। उसके बाद पुलिस ने जख्मी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हत्थे चढ़ा गोली से जख्मी कुख्यात तेघड़ा थाना क्षेत्र के बनहारा गांव निवासी राजकिशोर राय का पुत्र शिवदत्त राय का नाम शामिल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को एसटीएफ को यह इनपुट मिली थी कि एक कुख्यात अपराधी हथियार खरीदने के लिए साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के शालीग्रामी गांव पहुंच रहा है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय थाना पुलिस व एसटीएफ ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया और घेरेबंदी कर बदमाश को धर दबोचने में जुट गयी। उक्त बदमाश को पुलिस की घेरेबंदी की भनक लग गयी। बताया जा रहा है कि पुलिस की भनक लगते ही बदमाश भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन पुलिस घेर चुकी थी। बदमाश खुद को पुलिस से घिरता देख गोलीबारी शुरू कर दी। जिस पर पुलिस ने भी जबाबी कार्रवाई करते हुए गोलीबारी की। गोलीबारी में बदमाश जख्मी हो गया और पुलिस ने उसे धर दबोचा। मिली जानकारी के अनुसार जख्मी बदमाश की निशानदेही पर पुलिस ने शालिग्रामी गांव के ही एक घर में छापेमारी की, जहां से उक्त बदमाश हथियार खरीदने आया था। छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में निर्मित व अर्द्धनिर्मित हथियार व हथियार बनाने के उपकरण बरामद किया। स्थानीय लोगों के बीच चल रही चर्चाओं व पुलिस सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार पुलिस व एसटीएफ ने शालीग्रामी गांव निवासी जिस हथियार तस्कर के घर पर छापेमारी की। वहां का नजारा देख पुलिस हतप्रभ हो गयी। बताया जाता है कि घर के अंदर तहखाना बनाकर अवैध हथियार बनाने का कारोबार किया जा रहा था। बलिया एसडीपीओ साक्षी कुमारी ने उक्त घटना की पुष्टि की और बताया कि इस दौरान भारी मात्रा में हथियार बरामद किये गये हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




